छत्तीसगढ़

कंबल छीनने के विवाद पर पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या, हुलिया बदलकर लौटा था, गिरफ्तार


वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और उर्स व मजारों के आसपास रुककर पुलिस से बचता रहा। कुछ समय बाद हुलिया बदलकर रायपुर लौटे जगीरा की जानकारी उसके साथ रहने…और पढ़ें

Publish Date: Wed, 12 Aug 2026 08:53:37 PM (IST)Updated Date: Wed, 12 Aug 2026 08:58:40 PM (IST)

CG News: कंबल छीनने के विवाद पर पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या, हुलिया बदलकर लौटा था, गिरफ्तार
हुलिया बदलकर भिक्षुक के रूप में बैठा आरोपित।- फोटो पुलिस

HighLights

  1. डागा बिल्डिंग हत्याकांड का फरार आरोपित गिरफ्तार
  2. पुलिस से बचने उर्स-मजारों के आसपास काट रहा था समय
  3. हुलिया बदलकर रायपुर पहुंचा तो भिक्षुओं की सूचना से दबोचा

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। डागा बिल्डिंग के पास जानी की हत्या कर फरार हुए आरोपित नदीम खान उर्फ जगीरा (40) को सिटी कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित ने मामूली विवाद के बाद पास पत्थर से जानी के सिर के पीछे दो-तीन बार वार किया था।

गंभीर चोट लगने से जानी मौके पर ही गिरकर अचेत हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद जगीरा रायपुर से निकलकर नागपुर पहुंच गया था।

वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और उर्स व मजारों के आसपास रुककर पुलिस से बचता रहा। कुछ समय बाद हुलिया बदलकर रायपुर लौटे जगीरा की जानकारी उसके साथ रहने वाले भिक्षुओं से मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

डागा बिल्डिंग के सामने मिला था घायल

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को डागा बिल्डिंग के सामने एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान जानी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर आई गंभीर चोटों को मृत्यु का कारण बताया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कंबल छीनने से शुरू हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि नदीम खान उर्फ जगीरा खानाबदोश प्रवृत्ति का है। वह डागा बिल्डिंग के आसपास खुले स्थान पर अन्य लोगों के साथ सोया करता था। घटना की रात जानी शराब के नशे में वहां पहुंचा था। बताया गया कि उसने जगीरा का कंबल छीनने की कोशिश की और वहीं पेशाब करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर जगीरा ने पास में पड़े पत्थर से जानी के सिर के पीछे दो-तीन बार जोरदार वार कर दिया। हमले में जानी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गया और अचेत हो गया। इसके बाद जगीरा मौके से भाग निकला।

सीसीटीवी और पूछताछ से सामने आया नाम

हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को जगीरा पर संदेह हुआ। जांच आगे बढ़ने पर उसकी पहचान नदीम खान उर्फ जगीरा, उम्र 40 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के बाजू, शहीद हमीद नगर, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर के रूप में हुई। जगीरा को जब पता चला कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है तो वह रायपुर से निकलकर नागपुर की ओर भाग गया। आरोपित स्थायी रूप से किसी एक स्थान पर नहीं रहता था और घूम-घूमकर भिक्षा मांगकर अपना जीवन-यापन करता था।

हुलिया बदलकर लौटा रायपुर, भिक्षुओं ने खोला राज

कुछ समय बाद जगीरा ने अपना हुलिया बदल लिया और वापस रायपुर आ गया। वह शहर में अलग-अलग स्थानों पर घूमकर भिक्षा मांगते हुए रहने लगा। पुलिस ने उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और अन्य भिक्षुओं से जानकारी जुटाना जारी रखा। इसी सूचना तंत्र के जरिए पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि जगीरा हुलिया बदलकर रायपुर में ही घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही जगीरा भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे घेर लिया और दबोच लिया।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!