जनता का स्नेह राष्ट्र निर्माण की बड़ी ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी द्वारा पांच राज्यों के चुनावी परिणामों पर भेजे गए बधाई पत्र का जवाब द …और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिली शानदार सफलता पर बधाई देने के लिए छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है. छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डा. कुलदीप सोलंकी को भेजे गए एक विशेष आधिकारिक पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों से मिल रहा यह अपार स्नेह और समर्थन राष्ट्र निर्माण के हमारे संकल्प की सबसे बड़ी ताकत है।
कहीं दिखी सरकार समर्थक लहर तो कहीं सरकारी विरोधी रुख
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में चुनावी परिणामों का गहन विश्लेषण करते हुए लिखा कि जहां पहले से एनडीए की सरकारें थीं, वहां जनता ने प्रो-इनकंबेंसी (सरकार समर्थक) लहर दिखाई और जहां हमारी सरकारें नहीं थीं, वहां एंटी-इनकंबेंसी (सरकार विरोधी) का रुख साफ तौर पर देखा गया। उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार मिली ऐतिहासिक जीत और पुडुचेरी में विकास के विजन को मिले जनसमर्थन का विशेष रूप से जिक्र किया। इसके साथ ही, बंगाल में मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन को रेखांकित करते हुए पीएम ने इसे बंगाल की पावन धरा पर विकास का सूर्योदय करार दिया है। केरल और तमिलनाडु के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष में रहते हुए भी भाजपा और एनडीए जन-सरोकार के मुद्दों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ उठाते रहेंगे।
महिलाओं के रिकार्ड मतदान को सराहा
प्रधानमंत्री ने इस चुनाव में विशेष रूप से महिलाओं द्वारा किए गए रिकॉर्ड मतदान की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ती देश की नारीशक्ति की जागरूकता का एक बड़ा प्रतीक बताया। उन्होंने साफ किया कि इस नए जनादेश के साथ मिली जिम्मेदारी को निभाते हुए उनकी सरकार गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और किसानों की समृद्धि को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाए रखेगी। पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने डा. सोलंकी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की मंगलकामना की है।
बंगाल में ‘विकास का सूर्योदय’
प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र में विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल का जिक्र किया। उन्होंने बंगाल के भीतर पार्टी को मिले अभूतपूर्व और बड़े जनसमर्थन की सराहना करते हुए इसे राज्य की पावन धरा पर ‘विकास का सूर्योदय’ की शुरुआत बताया है।
नारीशक्ति की बढ़ी जागरूकता
चुनावों में महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने पत्र में लिखा कि महिलाओं का यह भारी मतदान इस बात का प्रमाण है कि देश में नारीशक्ति अब अपने अधिकारों और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर पूरी तरह जागरूक हो चुकी है।
पत्र का उत्तर मिला
मुझे अत्यंत हर्ष है कि प्रधानमंत्री ने हमारे पत्र का त्वरित जवाब प्रेषित किया। आने वाले समय में भी हमारी सिविल सोसायटी जन-सरोकार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को निरंतर उठाती रहेगी।
– डॉ. कुलदीप सोलंकी, संयोजक-छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी




