Uncategorized

जेल में बने संपर्कों से वाहन चोरी गिरोह सक्रिय, निलंबित आरक्षक समेत चार गिरफ्तार

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपित साहिल राय समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में निलंबित आरक्षक दिनेश कुमार टंडन की भूमिका महत्वपूर्ण बताई जा रही है, जिसने जेल में बंद रहने के दौरान बने संपर्कों का इस्तेमाल कर वाहन चोरी का गिरोह खड़ा किया। महासमुंद में गांजा तस्करी के मामले में पकड़े जाने के बाद टंडन को जेल भेजा गया था, जहां उसकी पहचान अन्य आरोपितों से हुई। जेल से बाहर आने के बाद आरोपितों ने मिलकर अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, चोरी के वाहनों को दूसरे लोगों के माध्यम से बेचने के साथ ही उनके नंबर में छेड़छाड़ और फर्जी दस्तावेज तैयार कर खपाने की बात भी सामने आई है। चोरी के वाहनों का इस्तेमाल तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किए जाने की भी जानकारी पुलिस को मिली है।

रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर गैरेज के बाहर से चोरी की गई इनोवा क्रिस्टा बरामद की गई है। पूछताछ में कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का भी राजफाश हुआ है।

थाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दोदेखुर्द स्थित रुद्रांश मोटर गैरेज के बाहर खड़ी इनोवा क्रिस्टा कार चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को साहिल राय पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक्टिवा बनवाने के बहाने गैरेज पहुंचा था। उस समय गैरेज में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। उसने वहां रखी इनोवा की चाबी अपने पास रख ली। इसके बाद पांच सितंबर की रात उसी चाबी से इनोवा क्रिस्टा चोरी कर ली। आरोपित वाहन लेकर समोदा पहुंचा। वहां वाहन का टायर खराब हो गया, जिसके बाद उसने कार को मेला स्थल के पास मंदिर के नजदीक खड़ा कर दिया और उसी में सो गया। सुबह वाहन को लाक कर वह वहां से चला गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर इनोवा क्रिस्टा और उसकी चाबी बरामद कर ली।

साहिल से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि वह अकेले वाहन चोरी नहीं करता था। उसके साथ संजीव दत्ता, अमरजीत सिंह उर्फ बंटी और अन्य लोग जुड़े थे। पुलिस के अनुसार, चोरी के वाहनों को अलग-अलग लोगों के माध्यम से बेचने का काम किया जाता था।

करीब एक वर्ष पहले मेकाहारा चिरघर के पास से बुलेट चोरी करने के बाद उसे संजीव दत्ता के माध्यम से अमरजीत उर्फ बंटी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की जानकारी सामने आई। इसके कुछ दिन बाद वहीं से केटीएम बाइक भी चोरी की गई। इसी तरह घड़ी चौक पार्किंग से बुलेट चोरी कर संजीव के साथ मिलकर अमरजीत को बेचने तथा आमासिवनी मेन रोड से चोरी की गई बुलेट को ओडिशा में परिचित पितबास के माध्यम से खपाने की बात सामने आई है।

आरोपित ने करीब पांच-छह माह पहले आमासिवनी शराब दुकान से अपने भाई अभिषेक राय के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करना बताया है। इस वाहन के संबंध में थाना पंडरी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। करीब दो-तीन माह पहले तेलीबांधा मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी कर संजीव दत्ता को चलाने के लिए देने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई।

पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल निलंबित आरक्षक दिनेश कुमार टंडन की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। आरोपितों ने करीब तीन माह पहले ग्राम धनसुली के एक बाड़े से ट्रैक्टर चोरी किया। इसे संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत उर्फ बंटी को बेचने की बात सामने आई है। इसके करीब एक से डेढ़ माह बाद धनसुली स्थित ईंट-भट्ठे से दूसरा ट्रैक्टर चोरी किया गया। चोरी के बाद उसे जोरा बाजार के पास खड़ा किया गया और बाद में संजीव दत्ता के साथ मिलकर भोरिंग, तुमगांव निवासी दिनेश कुमार टंडन को देने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक दिनेश कुमार टंडन पहले पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर था। वर्ष 2016 में महासमुंद में गांजा तस्करी के मामले में पकड़े जाने के बाद वह जेल गया था। जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान अलग-अलग अपराधों में बंद आरोपितों से हुई। इसी दौरान आपस में संपर्क बढ़ा और जेल से बाहर आने के बाद वाहन चोरी का गिरोह सक्रिय करने की बात सामने आई है। वहीं अमरजीत सिंह ने भी पूछताछ में वर्ष 2005 में आमानाका थाना क्षेत्र के हत्या के मामले में जेल जाने और करीब 14 वर्ष सजा काटने की बात बताई है। इसी दौरान जेल में उसकी संजीव दत्ता से पहचान होने की जानकारी पुलिस को दी गई है।

गिरफ्तार आरोपितों में साहिल राय पिता विजय राय (23), निवासी अमसेना, थाना खरोरा, हाल धनसुली हाउसिंग बोर्ड, विधानसभा, मुख्य आरोपित है। इसके अलावा संजीव दत्ता पिता सिद्धस दत्ता (27), निवासी आसमा कालोनी, उसलापुर, थाना सकरी, बिलासपुर, अमरजीत सिंह पिता गुरमीत सिंह (48), निवासी ग्राम चाक, थाना त्रपेडा, जिला अमृतसर, पंजाब, हाल आरडीए कालोनी हीरापुर, कबीर नगर, रायपुर और दिनेश कुमार टंडन (44), निवासी भोरिंग, थाना तुमगांव, महासमुंद को गिरफ्तार किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!