Uncategorized

जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद युवक की पिकअप से कुचलकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय अंकित सिंह की हत्या कर दी गई। घटना 25 सितंबर की रात कुरुद वार्ड की है। परिजनों और करणी सेना ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद अंकित को बोलेरो पिकअप से कुचलकर मार दिया गया। इस मामले में करणी सेना ने 27 सितंबर को जामुल थाने का घेराव कर हत्या की धारा में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अंकित सिंह कैलाश नगर का रहने वाला था। 25 सितंबर को उसका जन्मदिन था। वह दोस्तों के साथ सुंदर विहार फेस-2 स्थित दुर्गा पंडाल गार्डन में केक काटकर जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान कुछ परिचित युवक वहां पहुंचे। इनमें गोपी सरदार भी था। बताया जा रहा है कि गोपी ने दोबारा केक काटने की बात कहते हुए अंकित को कुछ दूर चलने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। दोस्तों ने बीच-बचाव कर अंकित को वहां से हटा दिया।

परिजनों और दोस्तों का आरोप है कि विवाद के बाद गोपी सरदार बोलेरो पिकअप लेकर अंकित के पीछे पहुंचा और उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि पिकअप को वापस मोड़कर अंकित को दोबारा कुचलने की कोशिश भी की गई। गंभीर रूप से घायल अंकित को उसके दोस्त चंदूलाल चंद्राकर स्मृति अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंकित की मौत के बाद करणी सेना के पदाधिकारी जामुल थाने पहुंचे। संगठन के अभिषेक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि अंकित को जन्मदिन की बधाई देने के बहाने बुलाया गया था और बाद में पिकअप से कुचलकर उसकी हत्या की गई। संगठन ने आरोपियों पर हत्या की धारा लगाने और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर पहले 184-MOT, 105-BNS और 110-BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (23), गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन (24), मिलिंद साहू (21) और शुभम शर्मा (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी गई है।

एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि जामुल थाना क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक पिकअप चला रहा था, जिससे अंकित की दबकर मौत हुई। उन्होंने कहा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर एंगल से जांच की जा रही है। विवेचना में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!