छत्तीसगढ़

जांजगीर चांपा में टेलीग्राम पर डबल मुनाफे का झांसा देकर 27.26 लाख रुपये की ठगी, औरंगाबाद से 2 आरोपित गिरफ्तार


नईदुनिया प्रतिनिधि,जांजगीर-चांपा। जिले में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम ऐप के माध्यम से “डबल मुनाफा” का झांसा देकर एक युवक से 27.26 लाख से अधिक की ठगी कर ली गई। मामले में साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, थाना चाम्पा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी ने अपने मोबाइल में टेलीग्राम एप डाउनलोड किया था। 7 दिसंबर 2025 को एक अज्ञात युवती ने उससे संपर्क कर निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां अन्य सदस्य भी लगातार निवेश के लिए प्रेरित करते रहे।

झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और पेटीएम के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल 27 लाख 26 हजार 614 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसे ठगी का अहसास हुआ, तब उसने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

सायबर टीम ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें 42 हजार ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में संचालित पाया गया।

पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर औरंगाबाद पहुंचकर आरोपित आवेज मसूद शेख (32 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने मित्र अब्दुल वाहिद के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। रकम निकालकर वह अपने साथी को सौंप देता था और बदले में कमीशन प्राप्त करता था।

इसके बाद सह-आरोपित अब्दुल वाहिद (34 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया। उसने खुलासा किया कि वह दिल्ली निवासी एक अन्य व्यक्ति के निर्देश पर यह काम करता था और उसे भी कमीशन मिलता था।

इन चीजों को किया गया बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड एवं बैंक पासबुक बरामद किए हैं। इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा एवं साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- भोपाल में वेस्टर्न बाईपास के साथ बसेगा नया शहर, एमपीआरडीसी ने टाउन प्लानिंग के लिए शुरू किया सर्वे



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!