Uncategorized

जांजगीर में पिकनिक के दौरान नदी में बहे तीन छात्र, अंधेरे के कारण रेस्क्यू बंद

जांजगीर जिले के देवरी-चिचौली पिकनिक स्पॉट में शुक्रवार को बिलासपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के आठ छात्रों में से तीन छात्र नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसा उस समय हुआ, जब सभी पिकनिक के दौरान नदी में नहा रहे थे।

जानकारी के अनुसार चौकसे कॉलेज बिलासपुर के चार युवक मुरारी साहू, पिता उत्तर साहू, निवासी कुंडा, थाना पंडरिया, जिला कवर्धा; पवन लाल, निवासी चिरमिरी; सचिन सिंह, पिता यशवंत सिंह, निवासी अंबिकापुर; और नीरज साहू, पिता उमाशंकर साहू, निवासी सरकंडा बिलासपुर तथा चार युवतियां निकिता देवांगन, पिता घनश्याम देवांगन, निवासी छुरी कटघोरा कोरबा; दीप्ति मिश्रा, दीपका कोरबा; भूमिका सोनी; और श्रुति तिवारी, पिता बसंत तिवारी, निवासी इमलीपारा बिलासपुर एक अरटिगा कार से देवरी-चिचौली पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

इसी दौरान मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंह नदी में नहाने के लिए उतरे। पानी का बहाव तेज होने के कारण वे संभल नहीं सके और बहाव की चपेट में आ गए। साथ मौजूद साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बलौदा और पंतोरा चौकी पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया गया। पुलिस और नगरसेना के गोताखोरों की टीम ने तलाश शुरू की। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। साथ आए छात्रों में दहशत और शोक का माहौल है। साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार लापता छात्रों की तलाश कर रही है। टीम द्वारा नदी के संभावित हिस्सों में लगातार सर्चिंग की गई है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को भी चुनौती का सामना करना पड़ा। नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर भी तलाश की गई। मगर देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका।

अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। अब शनिवार की सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!