इंदौर हादसे की दर्दनाक दास्तान:बिहार से इलाज के लिए आया था सेठिया परिवार, धमाके में सभी जिंदा जले – Indore Fire Tragedy Bihar Family Dies In Blast While Undergoing Treatment Incident Shocks City

बुधवार तड़के इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां बिहार के किशनगंज जिले के 6 लोगों समेत कुल 8 लोगों की मौत आग लगने से हो गई। बता दें कि बुधवार तड़के करीब 4 बजे घर के बाहर लगे चार्जिंग पाइंट पर एक इलेक्ट्रिक कार को चार्ज किया जा रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ। फिल आग लगी। आग मकान तक फैल गई और देखते ही देखते तीन मंजिला मकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। मकान में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके हुए, जिससे मकान का एक हिस्सा गिर गया और अंदर सो रहे लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।
इनकी हुई मौत
इस हादसे में किशनगंज के धर्मशाला रोड निवासी विजय सेठिया (65), सुमन सेठिया (60), छोटू सेठिया (22), और राशि सेठिया (12) समेत आठ लोगों की मौत हुई है। विजय सेठिया पिछले समय से अस्वस्थ थे। वे परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में इंदौर स्थित अपने रिश्तेदार (पुगलिया परिवार) के घर रुके हुए थे।
किशनगंज में शोक
इस हादसे की खबर किशनगंज पहुंचते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तुरंत इंदौर के लिए रवाना हुए हैॆ। फिलहाल इंदौर प्रशासन और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
पढ़ें: रीवा में सड़क पर पुलिस की बर्बरता: युवक के साथ अमानवीय व्यवहार वायरल, हिंसक कार्यशैली पर उठे सवाल
कैसे हुआ था हादसा?
पुलिस के अनुसार, कार से घर तक फैली आग ने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। घर में लगे डिजिटल लॉक खुल नहीं पाए, इसके कारण अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। रहवासियों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
सीएम यादव ने दुख जताते हुए कहा कि इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
विधायक विजयवर्गीय ने भी जताया दुख
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बहुत दुखद घटना है। अलार्मिंग भी है, क्योंकि ईवी का युग है। इसकी चार्जिंग में आग लगी है। पूरा समाज ईवी की तरफ जा रहा है। पुलिस कमिश्नर से कहा है कि इसके लिए एक्सपर्ट की कमेटी बनाएं, ताकि इसकी पुनरावृत्ति नहीं हो। इसकी पूरी जानकारी लेकर इसकी एसओपी बनाना चाहिए।




