Uncategorized

धमतरी के नवागांव में मतांतरित महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार पर विवाद, हिंदू धर्म अपनाने के बाद हुआ दाह संस्कार

धमतरी जिले के बोरई थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में एक मतांतरित अधेड़ महिला की मौत के बाद उनके शव के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों और समाजजनों ने जमकर विरोध किया। मामला तब शुरू हुआ जब गांव निवासी पीयन बाई साहू, उम्र 55 वर्ष, का बुधवार शाम को निधन हो गया। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच ग्रामीणों और समाजजनों ने मृत महिला के शव के अंतिम संस्कार पर कड़ा विरोध जताया।

विरोध का कारण यह था कि मृत महिला और उनका परिवार कुछ समय पूर्व मतांतरित हो गए थे। जब गांव में माहौल खराब होने लगा, तो अंतिम संस्कार को लेकर साहू समाज और ग्राम व्यवस्था समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम समिति अध्यक्ष हेमराय साहू, सरपंच दिनेश्वरी नेताम और साहू समाज अध्यक्ष रविंद्र साहू सहित करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए। मृतका के भाई उमेश साहू और जयंत साहू की मौजूदगी में अंतिम संस्कार को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में ग्रामीणों और समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट रुख अपनाया कि जब तक मृतका के परिजन हिंदू धर्म और समाज में वापसी नहीं करते, तब तक शव के दफन अथवा अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस मुद्दे को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। समाज और ग्राम समिति की बैठक में अंतिम संस्कार को लेकर सहमति बनाने का प्रयास किया गया। प्रशासन और पुलिस की ओर से मामले की स्थिति पर नजर रखी जा रही थी।

भारी बहस और विवाद के बाद मतांतरित परिवार के लोगों ने ग्रामीणों की बात स्वीकार कर ली। 10 सितंबर को परिवार के सदस्यों ने अंतिम संस्कार से पहले मंदिर में मत्था टेका और फिर गंगा जल पीकर हिंदू धर्म अपनाया। इसके बाद ही मृत महिला के शव का हिंदू रीति-रिवाज के साथ ग्रामीणों की भीड़ के बीच अंतिम संस्कार हुआ।

ग्रामीणों और समाजजनों का कहना है कि धर्म और समाज की परंपराओं का पालन करना आवश्यक है, इसलिए उन्होंने अंतिम संस्कार से पहले शर्त रखी थी। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है।

यह भी पढ़ें- CG में पूर्व सरपंच समेत 14 लोगों के ST प्रमाण पत्र निरस्त, मतांतरण विवाद के बीच बड़े तेवड़ा ग्राम सभा का बड़ा फैसला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!