Uncategorized

छात्राओं की दूसरी-बार शिकायत पर भड़के बिलासपुर कलेक्टर:बोले- हमारे पास टीचर्स नहीं, निलंबित कर कहां से लाऊंगा दूसरे शिक्षक, फिर उनके बच्चे करेंगे चक्काजाम — मुख्य खबर

बिलासपुर जिले के मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल की छात्राओं ने शिक्षकों पर कथित अनियमितता, अभद्र व्यवहार और पढ़ाई में लापरवाही के आरोप लगाते हुए दूसरी बार कलेक्ट्रेट का घेराव किया। छात्राओं ने संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई और प्राचार्य को हटाने की मांग की। इस दौरान बातचीत करते समय छात्राओं पर कलेक्टर संजय अग्रवाल भड़क गए। वीडियो में कलेक्टर कहते सुनाई दे रहे हैं कि, हमारे पास इतने टीचर्स नहीं है। उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा, तो उनकी जगह शिक्षक कहां से लाएंगे। आप बताइए कि किस स्कूल से चार टीचर लाएं। दूसरे स्कूल से टीचर लाए गए, तो उनके बच्चे भी चक्काजाम करेंगे। अपने टीचर नहीं जाने देंगे, क्या यही सीखेंगे। वहीं, एक अधिकारी कह रहे हैं कि, आप लोगों की यह ऊंची भाषा सही नहीं है। बाहर निकल जाइए। पहले शिकायत की, कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा प्रदर्शन जानकारी के मुताबिक, छात्राएं अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल समेत कई अधिकारियों ने उनसे बातचीत की। छात्राओं का कहना था कि पहले शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए उन्हें दोबारा प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि इस विवाद के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस बैठक के दौरान छात्राओं और अधिकारियों के बीच तीखी बातचीत भी हुई। वायरल वीडियो में कलेक्टर शिक्षकों की कमी का हवाला देते हुए पूछते हैं कि निलंबन के बाद दूसरे शिक्षक कहां से लाएंगे। एएफ प्रभारी शिक्षिका पर रिकॉर्ड और राशि में गड़बड़ी का आरोप छात्राओं ने एएफ प्रभारी शिक्षिका संगीता यादव पर पिछले 3 साल का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने और राशि के हिसाब में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि शिकायत करने पर प्रोजेक्ट के अंक काटने और परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है। संस्कृत शिक्षक पर अभद्र भाषा और अश्लील टिप्पणी का आरोप छात्राओं ने संस्कृत व्याख्याता संजय दुबे पर कक्षा में पढ़ाई के दौरान लापरवाही बरतने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और अश्लील टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शिक्षक की शैक्षणिक डिग्री और दस्तावेजों की वैधता की जांच कराने की भी मांग की है। छात्राओं ने कहा कि, शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षकों को निलंबित करने और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। गणित नहीं पढ़ाने और एक्सपायरी पैड बांटने की शिकायत छात्राओं ने गणित व्याख्याता काजल सोन पर कक्षा 10वीं में गणित नहीं पढ़ाने और शासन की ओर से मिलने वाले नि:शुल्क सैनिटरी पैड के वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि छात्राओं को एक्सपायरी पैड भी बांटे गए, जिससे एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं ने इस मामले की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वे दोबारा आंदोलन करेंगी। ………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… छात्राओं से सेनेटरी पैड के लिए वसूले रुपए: टीचर प्यून से कराती थी कॉपियां जांचने का काम, प्रिंसिपल समेत 3 शिक्षक हटाए गए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मल्हार सरकारी स्कूल में छात्राओं को फ्री सेनेटरी पैड देने के बजाए वसूली की गई। स्टूडेंट्स से दुर्व्यवहार की शिकायतें भी जांच में सही पाई गई हैं। जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षिका प्यून से कॉपियां जांचने का काम कराती थी। ऐसे में प्राचार्य समेत 3 शिक्षकों को हटा दिया गया है। उन्हें दूसरे स्कूल भेज दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!