छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन खराब रहेगा मौसम, बालोद में बिजली गिरने से महिला की मौत; 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट


छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन मौसम खराब रहने वाला है। बुधवार दोपहर राजधानी रायपुर में अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। इस बीच बालोद जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बिजली गिरने से खेत में काम कर रही एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के पथराटोला गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, महिलाएं खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से तीन महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में अनुसुइया बाई (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, क्लेन्द्री बाई (42) और रामेश्वरी सहारे (35) गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में ऑरेंज और 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है। धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, इससे बारिश और आंधी की एक्टिविटी बढ़ रही है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बलरामपुर, कोरिया समेत 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ अंधड़ की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा या आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवा चलने की संभावना है।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़, कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 सितंबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। इस सिस्टम का असर प्रदेश में 23 से 26 सितंबर तक रहने की संभावना है। इस दौरान खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ अंधड़ और बिजली गिरने का खतरा रहेगा।
ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। वहीं येलो अलर्ट बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है, जिसमें कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना रहती है। मौसम खराब होने पर सावधानी बरतें।




