छत्तीसगढ़

बिलासपुर निगम में जुड़े नए वार्डों में बुनियादी सुविधाएं नहीं:डिप्टी सीएम बोले- अब तेजी से हो रहा काम ल, मंगला में ₹10 करोड़ के कामों का भूमिपूजन




बिलासपुर में नगर निगम में करीब पांच साल पहले शामिल किए गए नए वार्डों में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। खुद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बिना प्लानिंग के निगम का विस्तार किया। जिसके कारण वार्डों में सुविधाएं नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने इसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि अब सरकार चरणबद्ध तरीके से इन वार्डों में तेजी से विकास कार्यों को गति दे रही है। इसी कड़ी में बुधवार को मंगला क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही मुक्तिधाम के लिए 50 लाख, सामुदायिक भवन के लिए 1 करोड़ और जल आवर्धन योजना को भी मंजूरी देने की घोषणा की गई। बता दें कि 15 ग्राम पंचायत, 2 नगर पंचायत और 1 नगर पालिका को निगम में जोड़ा गया था उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिलासपुर नगर निगम का दायरा बढ़ाते हुए 15 ग्राम पंचायत, 2 नगर पंचायत और 1 नगर पालिका को निगम में शामिल किया गया था। लेकिन इन नए जुड़े कई वार्डों में आज भी सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पूरी तरह नहीं सुधर सकी है। इसी मुद्दे पर अब सरकार विकास कार्यों को रफ्तार देने का दावा कर रही है। मंगला में भूमिपूजन, कई वार्डों को विकास कार्यों की सौगात बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला स्थित माता चौरा में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडेय, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह में नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में आरसीसी सड़क, आरसीसी नाली, मंच-शेड, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें यादव समाज के लिए 25 लाख का सामुदायिक भवन, बहतराई स्टेडियम में 3.62 करोड़ का बॉयज हॉस्टल, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में 7.49 करोड़ के सड़क-नाली और सामुदायिक भवन कार्य तथा तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में 1.93 करोड़ के सामुदायिक भवन शामिल हैं। अरुण साव बोले- अब तेजी से हो रहा काम उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर निगम का विस्तार होने के बाद सबसे बड़ी चुनौती नए जुड़े वार्डों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपए, सामुदायिक भवन के लिए 1 करोड़ रुपए और मंगला की पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल आवर्धन योजना की घोषणा की। इसके अलावा मंगला के गड्डा बाजार को धुरीपारा में सुव्यवस्थित तरीके से शिफ्ट करने पर भी सहमति दी गई। तोखन साहू बोले- अब सिर्फ भूमिपूजन नहीं, समय पर लोकार्पण भी केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास को जनसेवा का माध्यम मानकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ भूमिपूजन नहीं, बल्कि तय समय-सीमा में काम पूरा कर उसका लोकार्पण भी सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, रेल, पेयजल, आवास और शहरी विकास के क्षेत्र में बिलासपुर लगातार आगे बढ़ रहा है। सुशांत शुक्ला बोले- बेलतरा में 1000 करोड़ से ज्यादा के काम बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि उनकी विधानसभा में अब तक 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित हो चुके हैं। उनका कहना था कि हर गांव और हर वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। नए वार्डों में विकास की असली परीक्षा अब शुरू मंगला में हुए भूमिपूजन और नई घोषणाओं के बाद सरकार ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि नगर निगम में शामिल नए वार्डों को अब प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि असली चुनौती यह होगी कि वर्षों से मूलभूत सुविधाओं का इंतजार कर रहे इन वार्डों तक सड़क, पानी, नाली और सार्वजनिक सुविधाएं जमीन पर कितनी जल्दी पहुंचती हैं।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!