छत्तीसगढ़

बिलासपुर में वर्षा से मिली ठंडक पर बिजली कंपनी ने फेरा पानी, इंसुलेटर फटने से कई इलाके अंधेरे में डूबे


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शनिवार शाम बिलासपुर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर की गर्मी और उमस से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली, जब तेज हवाओं के साथ वर्षा शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक हुई वर्षा से तापमान में गिरावट आई और वातावरण ठंडा हो गया। हालांकि मौसम की यह राहत अधिक देर तक लोगों के चेहरे पर मुस्कान नहीं रख सकी, क्योंकि वर्षा के साथ ही शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

हवा और वर्षा के कारण कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। कहीं इंसुलेटर फटने से सप्लाई बंद हो गई तो कहीं सब-स्टेशन में तकनीकी खराबी आ गई। कुछ क्षेत्रों में बिजली खंभों और लाइनों में ट्रिपिंग की समस्या सामने आई, जिससे अचानक बिजली गुल हो गई। प्रभावित क्षेत्रों में मंगला, कुदुदंड, बृहस्पति बाजार, सरकंडा, नेहरू नगर, उसलापुर समेत कई इलाके शामिल है। शाम के समय बिजली बंद होने से घरों में अंधेरा छा गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली नहीं लौटने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। रहवासियों ने शिकायत की कि हर बार हल्की वर्षा या तेज हवा के दौरान बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार मौसम खराब होने के कारण कई स्थानों पर तकनीकी दिक्कतें आई थीं। शिकायत मिलते ही अलग-अलग टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया। देर रात तक सुधार कार्य जारी रहा और अधिकांश स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

naidunia_imageपेंड्रारोड जीआरपी चौकी।

आंधी-तूफान में उड़ी पेंड्रारोड जीआरपी चौकी की छत, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी

शनिवार को आए तेज अंधड़ और वर्षा ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं कई स्थानों पर नुकसान भी पहुंचाया। पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर स्थित जीआरपी चौकी भी चपेट में आ गई। तेज हवाओं के कारण चौकी की छत अचानक उड़ गई, जिससे भवन में रखे कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा।

घटना के समय चौकी में मौजूद सिपाहियों ने तेज आवाज सुनी। वे बैरक के पास से दूसरे कमरे की ओर पहुंचे ही थे कि कुछ ही क्षणों में चौकी प्रभारी कक्ष सहित पूरी चौकी की छत उड़ गई। इस दौरान वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन किसी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ।

बताया गया कि ब्रिटिशकाल में निर्मित जीआरपी चौकी के ऊपर लगा टीन शेड तेज हवा में करीब 500 मीटर दूर उड़कर प्लेटफार्म के बाहर जा गिरा। राहत की बात यह रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय कुछ पुलिसकर्मी चौकी के बाहर प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात थे, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि चौकी में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!