बिलासपुर में ऑटो में विवाद के बाद परिचित ने युवती को बेरहमी से पीटा, चलती गाड़ी से नीचे धकेला

कोनी क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के साथ उसके परिचित युवक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोनी क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के साथ उसके परिचित युवक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया और बाद में विवाद होने पर मारपीट कर ऑटो से धक्का दे दिया। घटना में घायल युवती का सिम्स अस्पताल में उपचार चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
कोनी पुलिस के अनुसार, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय परिसर निवासी करण खटकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बहन काजल खटकर को उसका परिचित अश्वनी सोनवानी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घुमाने ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
महिला से बातचीत को लेकर विवाद हो गया
शिकायत के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे ग्राम रमतला के पास ऑटो क्रमांक सीजी 10 बीएक्स 5008 में सफर के दौरान अश्वनी सोनवानी का काजल से किसी नीतु नामक महिला से बातचीत को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने गाली-गलौज करते हुए युवती के साथ हाथ, थप्पड़ और लात से मारपीट की।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान युवक ने उसे ऑटो से धक्का भी दे दिया। इस घटना में उसके हाथ, दोनों पैरों, जांघ और कमर में चोटें आई हैं।
सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना के बाद घायल युवती को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। शिकायत के आधार पर कोनी पुलिस ने आरोपित अश्वनी सोनवानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




