Uncategorized

बिलासपुर न्यायालय परिसर में दो अधिवक्ताओं के बीच मारपीट, काउंटर केस दर्ज

बिलासपुर के न्यायालय परिसर में बुधवार की दोपहर दो अधिवक्ताओं के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना से न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों में हलचल मच गई।

सिविल लाइन टीआइ किशोर केंवट ने बताया कि अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे बुधवार दोपहर न्यायालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के कारण विवाद बढ़ गया और दोनों एक-दूसरे से उलझ गए। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया।

न्यायालय परिसर में तैनात आरक्षक ने घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों अधिवक्ताओं को थाने ले आई।

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया है कि अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे का नाम बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट में हुए अग्निकांड मामले में भी सामने आया था। कलेक्ट्रेट अग्निकांड के बाद प्रशासन की कार्रवाई के तहत उन्हें जिला बदर किया गया है।

बुधवार को वे न्यायालय परिसर में मौजूद थे, जहां उनका अधिवक्ता मुकेश बंजारे के साथ विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार दोनों अधिवक्ता पूर्व में भीम आर्मी से जुड़े हुए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश होने की बात सामने आ रही है।

हालांकि बुधवार को हुए विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट की शुरुआत किस बात से हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर संबंधित लोगों के बयान लेने शुरू कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!