Uncategorized

बिलासपुर में पीएम मोदी के जन्मदिन पर अनोखी पहल: 80 लीटर रक्तदान का संकल्प, 1.25 लाख दीप जलेंगे

बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया जा रहा है। गुरुवार को स्व. दिलीप सिंह जूदेव मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में पीएम मोदी के वजन के बराबर करीब 80 लीटर रक्तदान करने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए करीब 267 लोगों से 300-300 मिलीलीटर रक्त लेने का लक्ष्य रखा गया है। बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। विधायक सुशांत शुक्ला ने भी शिविर में रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान के तहत किया जा रहा यह रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए भेंट होगा। शिविर में बड़ी संख्या में लोग रक्तदान कर रहे हैं। रक्तदान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को खास बनाने की पहल की गई है।

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बिलासपुर जिले में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से सजाया जाएगा। रतनपुर और मल्हार में 11-11 हजार, जबकि बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाए जाएंगे।

जिले की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में हर घर में दीप जलाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिले के हर गांव में 100 से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। बिल्हा जनपद की बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी पंचायतों में हर घर दीप जलाया जाएगा। कोटा जनपद की नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने पंचायतें भी इसमें शामिल हैं। मस्तुरी की दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर पंचायतों में भी हर घर दीप जलेंगे। इसी तरह तखतपुर की लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए जाएंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार, शाम 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप जलाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलेंगे। महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य कार्यक्रम में सहयोग करेंगी। जल जनसेवा संकल्प के तहत बांध, बैराज, एनीकेट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में 1 लाख 25 हजार दीप जलाए जाएंगे। ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत के मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 पात्र हितग्राहियों को मकान की चाबियां सौंपी जाएंगी। पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण और आयुष्मान कार्ड का लाभ भी प्रतीकात्मक रूप से वितरित किया जाएगा।

इधर, शहर के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर सरकारी आयोजन में स्कूली बच्चों को बुलाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए। हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों को बुलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में दीये जलाए जाएंगे। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या बच्चों को कार्यक्रम में बुलाने से पहले उनके पैरेंट्स से अनुमति ली गई है? उन्होंने इसे बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ बताया। शैलेष पांडेय ने कहा कि एक तरफ स्कूलों के लिए फंड की कमी बताई जा रही है और स्वामी आत्मानंद स्कूल बंद किए जा रहे हैं। ऐसे में सरकारी आयोजन में स्कूली बच्चों को शामिल करना गलत है। आयोजन में स्कूली बच्चों का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!