भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती पर हिरापुर में विशाल रक्तदान शिविर, 50 लोगों ने किया स्वेच्छा से रक्तदान

पत्थलगांव। पत्थलगांव के हिरापुर में साहू समाज द्वारा भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती के अवसर पर एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानव सेवा की मिसाल पेश की। शिविर में पूरे जिले से पहुंचे करीब 50 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया।
आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं के साथ-साथ समाज के वरिष्ठ लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने रक्तदान करने से पहले सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसके बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया।
इस अवसर पर साहू समाज के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता और तहसील अध्यक्ष संजू कुमार साहू ने बताया कि भक्त माता कर्मा की जयंती को सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान माना जाता है और इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। आयोजकों ने बताया कि साहू समाज द्वारा आगे भी इस तरह के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल सके।





