Uncategorized

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, 4 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा नया शेड्यूल

अंबिकापुर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए रेल संपर्क को और बेहतर बनाने तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस की सेवा आवृत्ति में वृद्धि की है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के स्थान पर सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक मंगलवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 4 अक्टूबर 2026 (रविवार) से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक गुरुवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 6 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को चलेगी।

सप्ताह में दो दिन ट्रेन परिचालन की घोषणा काफी पहले हो गई थी, लेकिन तिथि घोषित न होने के कारण इसका संचालन अभी तक सप्ताह में एक दिन ही किया जा रहा था। अब तिथि घोषित होने के बाद नए शेड्यूल के अनुसार संचालन की शुरुआत की जा रही है।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, ट्रेन की वर्तमान समय-सारणी, मार्ग, ठहराव एवं कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। केवल इसकी आवृत्ति में वृद्धि की गई है। यानी यात्रियों को उसी मार्ग और उसी ठहराव पर अतिरिक्त दिनों में भी यह रेल सेवा उपलब्ध होगी।

इस ट्रेन के सेवा आवृत्ति में वृद्धि से सरगुजा क्षेत्र सहित इस मार्ग के यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक विकल्प मिलेंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन के संचालन दिवस एवं समय की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट एवं रेलवन ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!