छत्तीसगढ़

अगले महीने से सड़कों पर दौड़ेंगी ई-बसें, बेहद कम होगा किराया


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के नागरिकों का आधुनिक, सुलभ और प्रदूषण मुक्त शहरी यातायात का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर को मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों के जल्द ही शहर पहुंचने की प्रबल उम्मीद जताई जा रही है। कोनी में निर्माणाधीन केंद्रीय बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन का काम अंतिम चरण में आ चुका है।

शासन की ओर से एक महीने में काम पूरा करने का डेडलाइन दिया गया है। शासन ने यह भी साफ किया है कि ई सिटी बस की खरीदी की प्रक्रिया पूरी हो चुका है आने वाले दिनों में सभी शहर में ये बस पहुंच जाएगी। मालूम हो कि इससे पहले इसकी जानकारी सचिव आर संगीता ने बिलासपुर प्रवास के दौरान दी थी।

अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए हैं कि बसों के पहिए सड़कों पर दौड़ने से पहले डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था शत-प्रतिशत दुरुस्त हो जानी चाहिए।

उनका मुख्य उद्देश्य यह है कि जैसे ही केंद्र से बसों की पहली खेप बिलासपुर पहुंचे, बिना किसी तकनीकी बाधा या प्रशासनिक देरी के उनका व्यावसायिक संचालन तुरंत शुरू किया जा सके। वहीं अब वर्तमान में तेज गति से काम चल रहा है। ऐसे में आने वाले एक महीने में ई सिटी बस का संचालन शुरू किया जा सकता है।

यातायात की बदलेगी सूरत, मिलेंगे कई फायदे

शहर में वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण वायु और ध्वनि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। ये शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह से इको-फ्रेंडली (शून्य उत्सर्जन) होंगी, इससे शहर की आबोहवा में सुधार होगा और शोर-शराबे से मुक्ति मिलेगी।

निजी आटो और अन्य किराया वाहनों के मनमाने किराए से परेशान रहने वाले शहरवासियों में खासकर नौकरी पेशा और मध्यम वर्ग के लिए यह सेवा वरदान साबित होगी। बेहद कम और किफायती किराए में यात्रियों को भीषण गर्मी के दिनों में भी ठंडी और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।

मिलेगी हाईटेक सुरक्षा

इन अत्याधुनिक बसों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। महिला यात्रियों और छात्राओं की सुरक्षा के लिए बसों के भीतर सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग के लिए जीपीएस और आपातकालीन स्थिति के लिए पैनिक बटन की सुविधा होगी, जो सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी।

कोनी एजुकेशन हब को बड़ी कनेक्टिविटी

कोनी क्षेत्र में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय और शासकीय इंजीनियरिंग कालेज समेत कई बड़े शैक्षणिक संस्थान हैं, जहां रोजाना हजारों छात्र-छात्राएं आते हैं। कोनी में ही डिपो होने और बसों का रूट तय होने से छात्रों को शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से सीधे व सस्ती कनेक्टिविटी मिलेगी।

दौड़नी हैं 50 ई-बसें

पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत बिलासपुर शहर के लिए 50 इलेक्ट्रिक बसों की मंजूरी मिली है। इन बसों को केवल मुख्य मार्गों तक सीमित न रखकर शहर के आउटर इलाकों और उपनगरीय क्षेत्रों जैसे सकरी, तिफरा, सिरगिट्टी, कोनी और सीपत मार्ग से भी जोड़ा जाएगा। कोनी में तैयार हो रहा पांच एकड़ का अत्याधुनिक डिपो इन सभी बसों का मुख्य मेंटेनेंस, वाशिंग और चार्जिंग हब होगा, जहां फास्ट डीसी चार्जर स्थापित किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- MP में 5206 बसों का बड़ा नेटवर्क तैयार, इंदौर से शुरू होगी पीएम ई-बस और सुगम परिवहन सेवा

रूट सर्वे और बस स्टापेज का काम तेज

विभागीय सूत्रों के अनुसार एक तरफ जहां कोनी में सिविल वर्क, शेड निर्माण और हाई-पावर बिजली कनेक्शन का काम अंतिम चरण में है। वहीं, दूसरी तरफ नगर निगम प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर ई-बसों के लिए समर्पित बस स्टाप और यात्रियों के बैठने के लिए शेड निर्माण की कार्ययोजना पर भी काम शुरू कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर रूटों का फाइनल सर्वे किया जा रहा है ताकि बसों के संचालन से मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति निर्मित न हो।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!