Uncategorized

जलती चिता से तंत्र साधना के आरोप में अघोरी बाबा की पिटाई, पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक अघोरी बाबा पर महिला की जलती चिता से छेड़छाड़ कर तंत्र साधना करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना से गुस्साए मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने बाबा की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पूरा मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है।

परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद शिवराम बाबा श्मशान घाट पहुंचे और महिला की जलती चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए तंत्र साधना करने लगे। उनका दावा है कि चिता से महिला के सिर और हड्डियां गायब हैं, जिससे परिजन और बाकी लोग बेहद नाराज हो गए।

जानकारी के अनुसार, कोनी निवासी अनिता यादव ने एक नवंबर को आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया था। चिता जलाने के बाद परिजन अपने घर चले गए थे।

रात में, जब परिजन चिता देखने के लिए श्मशान घाट लौटे, तो उन्हें वहां शिवराम बाबा, एक बुजुर्ग व्यक्ति और दो युवक मिले। परिजनों को देखते ही दोनों युवक मौके से भाग गए, लेकिन बाबा और बुजुर्ग पकड़े गए।

पकड़े गए बुजुर्ग ने बताया कि वह शराब लेकर आया था, जिसे वे पी रहे थे। बुजुर्ग के अनुसार, बाबा मंत्र पढ़ते हुए शराब की बूंदें चिता पर डाल रहा था। परिजनों द्वारा हड्डियों के बारे में पूछे जाने पर बुजुर्ग ने कहा कि बाबा ने ही हड्डियां निकाली हैं, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं है कि बाबा ने उन्हें कहां रखा है। उसने यह भी बताया कि वह उन दो लड़कों को नहीं पहचानता जो उनके साथ थे, और उसे केवल चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। बुजुर्ग ने अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए कहा कि वे सिर्फ बैठे थे और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।

मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव समेत कई लोगों ने शिवराम बाबा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, उसके बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान बाबा के मुंह से खून निकलता भी दिखाई दिया।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल शिवराम बाबा को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!