छत्तीसगढ़ CM विष्णु देव साय का बड़ा एलान… कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों को 20-20 लाख देगी सरकार

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

HighLights
- नोडल अधिकारी की होगी नियुक्ति
- जम्मू-कश्मीर प्रशासन से होगा समन्वय
- आतंकी हमले की कड़ी निंदा की
नईदुनिया प्रतिनिधि, सक्ती। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है।
20-20 लाख रुपये की सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगी, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
यह भी पढ़ें- कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के दीपक रात्रे की मौत, एक साल पहले रोजी-रोटी की तलाश में परिवार संग गया था जम्मू-कश्मीर
आतंकी हमले की कड़ी निंदा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कायराना आतंकी कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किए जा सकते। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।



