*ससकोबा गांव में 12 हाथियों का दल घुसा, मकान तोड़ा और चार किसानों की धान फसल को पहुंचाया नुकसान*

धरमजयगढ़। बाकारुमा वन परिक्षेत्र के भालूपखना क्षेत्र में हाथियों की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। देर रात करीब 12 हाथियों का दल ससकोबा गांव में घुस आया। हाथियों ने गांव में जमकर उत्पात मचाया और एक मकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही चार किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
बताया जा रहा है कि हाथियों का दल देर रात जंगल से निकलकर ससकोबा गांव की ओर पहुंचा। हाथियों के गांव में प्रवेश करते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर रहकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
मकान को तोड़कर किया क्षतिग्रस्त
गांव में पहुंचे हाथियों ने एक मकान को नुकसान पहुंचाया। हाथियों द्वारा मकान तोड़े जाने की घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों को लेकर चिंता और बढ़ गई है। वहीं हाथियों ने आसपास के खेतों में पहुंचकर धान की फसलों को भी रौंद दिया।
हाथियों के झुंड ने ससकोबा गांव के चार किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। वन अमला फिलहाल क्षतिग्रस्त मकान और खेतों में हुए फसल नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने, उन्हें घेरने या उकसाने से बचने तथा हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की जा रही है। फिलहाल बाकारुमा वन परिक्षेत्र के भालूपखना क्षेत्र में वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। लगातार हो रही हाथियों की आमद से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।




