सूने मकान में लगी आग,लाखों का सामान जलकर राख:कोरबा में परिवार दुर्गा देखने गया था,शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका,दमकल ने पाया काबू — मुख्य खबर

कोरबा के बालको थाना क्षेत्र के संजय नगर में सोमवार को एक सूने मकान में आग लग गई। घटना के समय पूरा परिवार दुर्गा पंडाल देखने गया था और घर पर ताला लगा हुआ था। घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान किचन में रखे गैस सिलेंडर को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग में फ्रिज, टीवी, अलमारी, कपड़े समेत लाखों रुपए का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घर में ताला लगा था, धुआं उठता देख राहगीरों ने दी सूचना जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी परिवार दुर्गा पंडाल देखने गया हुआ था। घर पर ताला लगा था। इसी दौरान अचानक मकान से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। राहगीरों ने यह देखकर तत्काल बालको थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। साथ ही मकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर परिवार भी मौके पर पहुंच गया। दरवाजा और खिड़की तोड़कर घर में घुसे दमकलकर्मी आग की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और बालको नगर का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। घर में ताला लगा होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में पुलिस और दमकल कर्मियों ने दरवाजा और खिड़की तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। उस समय आग तेजी से फैल रही थी। आग की चपेट में आने से घर में रखा फ्रिज, अलमारी, टीवी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जल गया। आग किचन तक पहुंच चुकी थी, जहां गैस सिलेंडर रखा हुआ था। किचन से सिलेंडर निकालकर टाला बड़ा हादसा दमकलकर्मियों ने जोखिम उठाकर किचन में रखे गैस सिलेंडर को बाहर निकाला। इससे आग के बीच सिलेंडर तक पहुंचने और बड़ा हादसा होने की आशंका टल गई। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर राहगीरों की समय पर नजर नहीं पड़ती और दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका बालको थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। मकान मालिक के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।




