छत्तीसगढ़

रायपुर के मौदहापारा में भीषण अग्निकांड, जया ऑटोमोबाइल में भड़की आग, धुएं के गुबार से इलाके का आसमान हुआ काला


नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का सबसे व्यस्त ऑटोमोबाइल मार्केट गुरुवार की सुबह अचानक दहक उठा। मौदहापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जया ऑटोमोबाइल में सुबह अचानक भीषण आग लग गई। दुकान के भीतर से उठते धुएं के काले गुबार और आग की ऊंची लपटों को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चूंकि यह इलाका बेहद संकरा और दुकानों से सटा हुआ है, इसलिए आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। घटना की भयानकता को देखते हुए तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

आटो पार्ट्स के कारण तेजी से भड़की आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दुकान खुलने के कुछ ही समय बाद अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जया ऑटोमोबाइल के भीतर भारी मात्रा में गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक का सामान और विभिन्न प्रकार के लुब्रिकेंट्स (ज्वलनशील तेल) मौजूद थे, जिसने ईंधन का काम किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर से आसमान में काला धुआं देखा जा रहा था। एहतियात के तौर पर मौदहापारा पुलिस ने फौरन आसपास की दुकानों को खाली कराया और बिजली सप्लाई बंद करवाई। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें मारकर आग को अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फैलने से रोका।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स मामले की जांच कर रहे हैं। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स जलकर खाक होने का अनुमान है, जिसका सटीक आकलन आग पूरी तरह ठंडी होने के बाद किया जाएगा।

पुरानी घटनाओं से सबक नहीं ले रही राजधानी

रायपुर के बाजारों में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले राजधानी के सबसे बड़े होलसेल मार्केट डूमरतराई के कपड़ा और किराना गोदामों में भीषण आग लग चुकी है, जिसने करोड़ों का नुकसान किया था। वहीं, कुछ समय पूर्व गुढ़ियारी के बिजली सब-स्टेशन (CSPDCL गोदाम) में लगी अभूतपूर्व आग ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया था, जहां हजारों ट्रांसफार्मर जल गए थे। इसके अलावा गोलबाजार और पंडरी कपड़ा मार्केट की संकरी गलियों में भी शॉर्ट सर्किट से कई हादसे हो चुके हैं। इन तमाम हादसों के बाद भी रायपुर के पुराने बाजारों में फायर सेफ्टी ऑडिट और तंग रास्तों की समस्या जस की तस बनी हुई है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!