Uncategorized

रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय का अपहरण, UP के मिर्जापुर से 3 आरोपी हिरासत में

रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से पकड़ा गया है। रायपुर से अपहरण के बाद आरोपी प्रतीक राय को लेकर उत्तर प्रदेश की ओर भागे थे।

पुलिस ने CCTV और तकनीकी सर्विलांस की मदद से काले रंग की स्कॉर्पियो को ट्रेस किया। गाड़ी के मिर्जापुर की तरफ जाने पर उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट किया गया। इसके बाद अहरौरा से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में सूचना दी कि उनके पति घर वापस नहीं आए हैं और उनका मोबाइल भी बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डीएम टावर और आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया।

CCTV फुटेज में पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे तीन युवक प्रतीक राय को जबरन काले रंग की UP नंबर की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए थे।

CCTV से गाड़ी का पता चलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया। गाड़ी के उत्तर प्रदेश की तरफ जाने का पता चला तो रायपुर पुलिस ने वहां की पुलिस से संपर्क किया। अहरौरा पुलिस के साथ-साथ चोपन, रॉबर्ट्सगंज और रास्ते में आने वाले दूसरे थाना क्षेत्रों को भी गाड़ी की जानकारी देकर अलर्ट किया गया। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कर दी गई।

रायपुर पुलिस से लगातार मिल रही लोकेशन और टोल की जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस गाड़ी पर नजर रख रही थी। इसी दौरान अहरौरा इलाके में पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। गाड़ी में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरन साथ ले जाया गया था। आरोपी उसे उत्तर प्रदेश की ओर लेकर जा रहे थे।

पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, उनकी पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।

तीनों आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!