*रैरुमा गांव में 11 हाथियों का डेरा, सुबह-सुबह गांव में घुसा दल; ग्रामीणों में दहशत* *धान की फसलों को पहुंचाया नुकसान, मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम; नुकसान का आकलन जारी*

धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत रैरुमा गांव में उस वक्त ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जब सुबह करीब 11 हाथियों का दल गांव के भीतर पहुंच गया। हाथियों के अचानक गांव में आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि हाथियों के दल ने गांव में पहुंचकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी।
वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, 11 हाथियों का यह दल फिलहाल ससकोबा के पहाड़ी जंगल क्षेत्र में मौजूद है। वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी में जुटी हुई है, ताकि हाथियों के गांव की ओर दोबारा आने की स्थिति में ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके। लगातार हाथियों की मौजूदगी से क्षेत्र के ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।




