Uncategorized

*पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के नए सीईओ खगेश कुमार निर्मकर ने संभाला पदभार, जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत* *पदभार ग्रहण करते ही जनप्रतिनिधियों से मुलाकात, क्षेत्र के विकास को लेकर हुई विस्तृत चर्चा; सीईओ बोले—सभी जनपद सदस्यों के साथ मिलकर विकास कार्यों को देंगे गति*

गोविंद अग्रवाल 

पोड़ी उपरोड़ा। पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत में आज नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) खगेश कुमार निर्मकर ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद जनपद पंचायत कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने उनसे मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसी कड़ी में पूर्व जनपद सदस्य लालपुर भोला गोस्वामी एवं कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ने जनपद सीईओ खगेश कुमार निर्मकर से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और जनपद पंचायत के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

वहीं, पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के जनपद सदस्यों ने भी जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर नवपदस्थ सीईओ खगेश कुमार निर्मकर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नए सीईओ के नेतृत्व में जनपद पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

इस अवसर पर जनपद सीईओ खगेश कुमार निर्मकर ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनपद सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाकर पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत को विकास की दिशा में आगे ले जाने पर विशेष जोर रहेगा।

सीईओ के पदभार ग्रहण करने के बाद जनप्रतिनिधियों की मुलाकात और स्वागत कार्यक्रम को क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब उम्मीद की जा रही है कि नए सीईओ के कार्यकाल में ग्रामीण विकास, मूलभूत सुविधाओं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!