Uncategorized

फर्जी बायोडाटा से शादी, 6.76 लाख की ठगी का आरोप; कोनी पुलिस ने युवक, उसके माता-पिता के खिलाफ दर्ज किया अपराध

बिलासपुर में शादी के नाम पर फर्जी बायोडाटा देकर ठगी का मामला सामने आया है। जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती का आरोप है कि युवक ने माता-पिता के साथ मिलकर फर्जी बायोडाटा के जरिए उससे और उसके परिजनों से 6.76 लाख रुपए लिए। कोनी पुलिस ने हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार शादी के लिए युवक ने खुद को बीट्स पिलानी से बीटेक और जयपुर की कंपनी में 48 लाख रुपए सालाना वेतन पर नौकरी करने वाला बताया। पिता के नाम 88 लाख रुपए सालाना टर्नओवर और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी भी दी। इन दावों पर भरोसा कर युवती ने शादी के लिए सहमति दे दी। विवाह के बाद अगले ही दिन युवक की बताई गई जानकारी की हकीकत सामने आने लगी।

जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर जीजीयू कोनी से पीएचडी कर रही है। हाईस्कूल में साथ पढ़े हर्षदीप से वर्ष 2022 में दोबारा मुलाकात हुई। मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा। परिवार की सहमति की बात सामने आने के बाद 8 जनवरी 2025 को आरजे प्वाइंट कैफे, कोनी में मुलाकात हुई।

इसी दौरान हर्षदीप ने अपना बायोडाटा दिया। इसमें बीट्स पिलानी से बीटेक करने और जयपुर स्थित कंपनी में डाटा एनालिस्ट मैनेजर के पद पर 48 लाख रुपए सालाना पैकेज मिलने की जानकारी थी। साथ ही पिता के कारोबार और जमीन का विवरण दिया गया था। युवती का कहना है कि शिक्षा और नौकरी से जुड़ी इन जानकारियों ने उसके परिवार का भरोसा बढ़ाया। इसी आधार पर उसने हर्षदीप के साथ विवाह के लिए सहमति दी।

शिकायत के अनुसार शादी 12 मार्च 2026 को होटल पेट्रीशियन, बिलासपुर में हुई। इससे पहले फरवरी और मार्च में शादी के खर्च के लिए हर्षदीप और उसकी मां के खातों में 4.96 लाख रुपए तथा हर्षदीप के खाते में 60 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। शिकायत में युवती ने बताया कि विवाह से पहले अलग-अलग जरूरत बताकर रकम ली गई।

विवाह की रात टेंट और कैटरिंग का काम शुरू नहीं हुआ। पूछताछ में दोनों ने केवल 10-10 हजार रुपए एडवांस मिलने की बात कही। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर और मामा ने टेंट संचालक को 90-90 हजार रुपए दिए। अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने पर होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल बंद हो गए।

शक होने पर पूछताछ में हर्षदीप ने बीट्स पिलानी में पढ़ाई नहीं करने और नौकरी नहीं होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता है। विवाह में मिले जेवर की जांच कराने पर वे भी नकली पाए गए। इससे युवती के संदेह और गहरे हो गए।

इसके बाद युवती ने जशपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहां जीरो में मामला दर्ज करने के बाद डायरी कोनी थाने भेजी गई। शिकायतकर्ता ने कुल 6.76 लाख रुपए की आर्थिक ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने रकम के लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और खातों की जानकारी जांच में शामिल की है।

शिकायत में युवती ने बताया कि हर्षदीप के बायोडाटा में उसके पिता के व्यवसाय का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए बताया गया था। परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी भी दी गई थी। युवती और उसके परिजनों ने इन जानकारियों को परिवार की आर्थिक स्थिति से जोड़कर देखा। शादी तय होने के बाद इसी पृष्ठभूमि में विवाह की तैयारियां आगे बढ़ीं।

बाद में जब युवक की शिक्षा और नौकरी से संबंधित दावे गलत निकले तो युवती को बायोडाटा में दी गई अन्य जानकारियों पर भी संदेह हुआ। मामले में पुलिस अब इन दावों की वास्तविकता की जांच कर रही है। पुलिस ने हर्षदीप, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!