ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला करने वाला 3 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 04 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत थाना कापू पुलिस ने तीन माह से फरार चल रहे एक आरोपी को सरगुजा जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी और बीच-बचाव करने आए ससुर पर लोहे के सब्बल और धारदार टंगिया से जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दोनों हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को ग्राम ठाकुरनगर में भोजन के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी अमिताप लकड़ा ने अपनी पत्नी पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने आए उसके पिता पर भी आरोपी ने टंगिया से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। चिकित्सीय परीक्षण में पीड़िता के पिता की चोटें गंभीर पाई गईं, जिसके बाद थाना कापू में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की तलाश के दौरान थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरगुजा जिले के ग्राम चैनपुर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया जब्त की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद का समाधान हिंसा नहीं है। ऐसे मामलों में कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा और किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


