छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने कहा-रायगढ़ बनेगा सुशासन और विकास का मॉडल:सीएम ने 102 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया, कोतरा सरपंच के घर भी पहुंचे




रायगढ़ में सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 102 करोड़ रुपए से अधिक के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के साथ तेजी से काम कर रही है और रायगढ़ को सुशासन और विकास के मॉडल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ से उनका पुराना आत्मीय रिश्ता है और यहां की जनता हमेशा उन्हें परिवार जैसा स्नेह देती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ अब सिर्फ सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुशासन और तेज विकास के मॉडल के रूप में पूरे प्रदेश में नई पहचान बनाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से कई सड़क और पुल निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें ठाकुरपाली और टिनमिनी पहुंच मार्ग, कोयलंगा नाला पुलिया और जामगांव रेलवे क्रॉसिंग से मानकेशरी मंदिर तक सड़क निर्माण जैसे काम शामिल हैं। इनसे क्षेत्र में आवागमन और बेहतर होगा। जल संसाधन विभाग के तहत कई जलाशयों और नहरों के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन कामों से किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। वहीं आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत छात्रावास भवनों का भी लोकार्पण किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कई नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें सड़क निर्माण, एनीकट निर्माण, नहर सुधार, स्कूलों में अतिरिक्त भवन और अधोसंरचना विकास के काम शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क मजबूत होगा, सिंचाई सुविधाएं बढ़ेंगी और शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार मनाया जा रहा है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिससे हजारों लंबित मामलों का समाधान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख परिवारों को मकान की स्वीकृति दी गई है और करीब 10 लाख मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए का बोनस दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक मदद दी जा रही है। साथ ही डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी, जिससे लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की कई मांगों को भी मंजूरी दी। उन्होंने सूपा, घुघुवा, पुटकापुरी, तारापुर, उसरौट और काशीचुआं को जोड़ने वाली सड़क का काम पूरा कराने की घोषणा की। इसके अलावा कुसमुरा में महतारी सदन, खाद्य भंडारण गोदाम और उप स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन का आश्वासन दिया। सीएम पहुंचे कोतरा के सरपंच के घर रायगढ़ में सीएम साय कोतरा के सरपंच के घर पहुंचे। इस दौरान सरपंच के घर के सदस्यों से मुलाकात की और उनके संग फोटो भी खिंचवाई। वहीं ग्रामीणों ने भी उनका आत्मीय स्वागत किया और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!