कांग्रेस ने बिलासपुर में बनाई सरकार को घेरने की रणनीति, जांगिड़ ने स्मृति ईरानी और भूपेश काफिले पर उठाए सवाल


बिलासपुर में कांग्रेस के छत्तीसगढ़ सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बैठक की। कांग्रेस भवन में हुई इस बैठक में सड़क, शिक्षा, किसान, धान खरीदी, खाद-बीज और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और सरकार की नीतियों व चुनावी वादों को लेकर जनता के बीच जाने पर भी चर्चा हुई।
भाजपा की ओर से स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर जांगिड़ ने कहा कि जब स्मृति ईरानी गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करती थीं, तब सिलेंडर की कीमत कितनी थी और आज कितनी है, यह सवाल छत्तीसगढ़ की महिलाएं उनसे जरूर पूछेंगी।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने कानून व्यवस्था, धान खरीदी, किसानों की समस्याओं, खाद-बीज, खराब सड़कों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाएगी।
चुनावी वादों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जांगिड़ ने राज्य सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन उन पर उम्मीद के मुताबिक काम नहीं हुआ। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगी और जनता के बीच जाएगी।
भाजपा ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया है। इस पर जांगिड़ ने कहा कि यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। पार्टी ने अपनी पसंद से नियुक्ति की है। हालांकि, उन्होंने स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए।
विजय जांगिड़ ने स्मृति ईरानी की छत्तीसगढ़ में स्वीकार्यता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में यहां के नेताओं की अपनी स्वीकार्यता है और कांग्रेस नेताओं की भी। स्मृति ईरानी की छत्तीसगढ़ में कितनी स्वीकार्यता है, यह भाजपा को बताना चाहिए।
असम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर हुए पथराव को लेकर भी जांगिड़ ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त नेता के काफिले पर हमला गंभीर मामला है। इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
गुटबाजी और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर जांगिड़ ने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव के लिए जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।




