जशपुर के रणजीता स्टेडियम में उतरेंगे ‘अंतरिक्ष के सितारे’, 4 फरवरी को शुभांशु शुक्ला से सीधा संवाद करेंगे 10 हजार बच्चे

तरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला चार फरवरी को एक दिवसीय प्रवास पर जशपुर पहुंचेंगे। इस अवसर पर शहर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वे जिले …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला चार फरवरी को एक दिवसीय प्रवास पर जशपुर पहुंचेंगे। इस अवसर पर शहर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वे जिले के स्कूली बच्चों से सीधा संवाद करेंगे। ‘इंडिया इन स्पेस’ थीम पर अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिले भर से आए लगभग 10 हजार स्कूली बच्चे शामिल होंगे, जिनसे शुभांशु शुक्ला सीधे बातचीत करेंगे। इस दौरान वे अपनी अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अनुभव साझा करेंगे और छात्रों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे। चर्चा के दौरान अंतरिक्ष यात्रा और इससे जुड़े करियर विकल्पों पर भी वे बच्चों को जानकारी देंगे। इसके साथ ही भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम से संबंधित पहलुओं पर भी प्रकाश डालेंगे।
रणजीता स्टेडियम में तैयारियां अंतिम चरण में
कार्यक्रम को लेकर रणजीता स्टेडियम में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन बच्चों की बैठक व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुका है। आयोजन के तहत छात्रों के लिए अंतरिक्ष यात्रा से जुड़ी पेंटिंग, नारा लेखन, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई हैं। अंतरिक्ष यात्री से मिलने और संवाद करने को लेकर जिले के छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कौन हैं शुभांशु शुक्ला
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भारतीय वायुसेना के टेस्ट पायलट, इंजीनियर और इसरो के अंतरिक्ष यात्री हैं। वे भारतीय मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम के तहत अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले चार अंतरिक्ष यात्रियों में से पहले यात्री हैं। वर्ष 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष यात्रा करने वाले शुभांशु शुक्ला भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री हैं।



