Uncategorized

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से जशपुर के दूरस्थ अंचलों में आसान हुआ आवागमन

जशपुर 3 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से जशपुर जिले के दूरस्थ अंचलों में आवागमन आसान हुआ है। जिस गांव में कभी बस की पहुंच नहीं थी, आज वहां बस के आते ही बच्चों के चेहरे खिल उठते हैं। सड़क पर बस दिखाई देते ही बच्चे हाथ हिलाकर खुशी जाहिर करते हैं और हॉर्न की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आते हैं। यह सिर्फ बस के आने की खुशी नहीं, बल्कि अपने गांव के शहर, नगर और विकासखंड मुख्यालय से आसानी से जुड़ने की नई उम्मीद है।

समाचार फोटो

बस में सफर करते हुए ग्रामीण उन दिनों को याद करते हैं, जब उन्हें जरूरी काम के लिए पैदल चलना पड़ता था या किसी निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था। अब परिस्थितियां बदल रही हैं। स्कूल के बच्चे समय पर विद्यालय पहुंच रहे हैं, वहीं अधिकारी-कर्मचारी भी अपने कार्यस्थल तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं। यह बदलाव केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों के जीवन में नए अवसर और नई संभावनाएं लेकर आया है।

यह परिवर्तन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से संभव हो रहा है। योजना के तहत उन गांवों तक बस सेवा पहुंचाई जा रही है, जहां पहले सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। जशपुर जैसे पहाड़ी और दूरस्थ जिले में यह पहल ग्रामीणों के लिए विशेष राहत लेकर आई है।

पहाड़ी अंचल की महिलाओं को मिली राहत के तहत बगीचा विकासखंड के सन्ना निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता निकुंज बताती हैं कि पहले उन्हें पास के गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने के लिए किसी से लिफ्ट लेनी पड़ती थी। कई बार निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था या पैदल जाना पड़ता था। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यह काफी कठिन होता था। अब ग्रामीण बस सेवा शुरू होने से उनकी यह समस्या दूर हो गई है। वे कहती हैं, “यह बस मेरे लिए बहुत बढ़िया साधन बन गई है।”

ग्रामीणों के चेहरे पर लौटी मुस्कान के बीच बस में सफर कर रहे ग्राम मरंगी निवासी श्री दशरथ भगत बताते हैं कि पहले इस सड़क पर बस नहीं चलती थी, इसलिए उन्हें पैदल ही आना-जाना करना पड़ता था। अब बस सेवा शुरू होने से बगीचा तक पहुंचना आसान हो गया है। वे कहते हैं, “अब मुख्यमंत्री जी की पहल से बस शुरू हो गई है। हम आसानी से बगीचा जाते हैं और समय पर वापस भी लौट आते हैं।”

यात्री श्री मंगलराम बताते हैं कि पहले वे छिछली और चंपा जैसे बाजारों तक पैदल जाया करते थे। अब बस आने से उनका आवागमन आसान हो गया है। वे कहते हैं, “अब बस आने से बहुत सुविधा हो गई है। हम सब बहुत खुश हैं।”

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से न केवल ग्रामीणों की यात्रा सुगम हुई है, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और प्रशासनिक कार्यों के लिए मुख्यालय तक पहुंचने में भी सुविधा मिल रही है। नियमित बस सेवा से दूरस्थ गांवों के लोगों के लिए जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है। जशपुर में लगभग 16 बस का संचालन किया जा रहा है।

जशपुर जैसे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन की सुविधा ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। गांवों तक बस पहुंचने से दूरी कम हो रही है और ग्रामीणों का शहर एवं मुख्यालयों से संपर्क मजबूत हो रहा है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और विकास की नई संभावनाओं तक पहुंच बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!