*जंगली हाथियों की निगरानी के दौरान वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, खैर लकड़ी से लदा ट्रक जब्त; आरोपी मौके से फरार*

धरमजयगढ़। वन्यजीवों की निगरानी के साथ अवैध वनोपज के खिलाफ धरमजयगढ़ वन मंडल की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जंगली हाथियों की निगरानी के दौरान वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से खैर लकड़ी लोड कर खड़े किए गए एक ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद वन विभाग ने जब्त वाहन और लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर काष्ठागार धरमजयगढ़ पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी बाकारुमा विष्णु प्रसाद मरावी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम जंगली हाथियों की निगरानी के लिए बाकारुमा से लैलूंगा मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान धातुनपारा, बाकारुमा राजस्व क्षेत्र में एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की तो उसमें खैर की लकड़ी लोड मिली। लकड़ी के संबंध में आवश्यक दस्तावेज अथवा वैध अनुमति के संबंध में जानकारी नहीं मिलने पर टीम ने तत्काल वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्र में पतासाजी कर वाहन से जुड़े व्यक्ति/आरोपी की तलाश की, लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद जब्त खैर लकड़ी एवं ट्रक को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेते हुए काष्ठागार धरमजयगढ़ भेज दिया।

इस कार्रवाई में लैलूंगा वन परिक्षेत्र एवं बाकारुमा वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा जब्त लकड़ी और वाहन से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वन संपदा के परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।




