गुरसिया में खड़े टैंकर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी—पुलिस ने 100 मीटर दूर कराया वाहनों को खड़ा

गोविंद अग्रवाल /कोरबा। नेशनल हाईवे-130 पर कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के गुरसिया में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खाना खाने के लिए सड़क किनारे रुके एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई।
जानकारी के मुताबिक, टैंकर चालक खाना खाने के बाद रवाना होने के लिए वाहन स्टार्ट कर रहा था। इसी दौरान बैटरी से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली करवाया। किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए करीब 100 मीटर की दूरी पर वाहनों को खड़ा कराया गया।
वहीं, दमकल टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हुई और नेशनल हाईवे पर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू कर दिया गया।
फिलहाल आग लगने की वजह बैटरी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं
है।




