छत्तीसगढ़

एक माह में शुरू होगी अत्याधुनिक सुविधा


नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: शहर के मध्य पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या को दूर करने की दिशा में नगर निगम एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तैयार की जा रही है। आटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है।

लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा का लाभ शहरवासियों को एक माह के भीतर मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माणाधीन पार्किंग भवन का निरीक्षण कर अंतिम चरण में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को शेष कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण कर निर्धारित समयावधि में पार्किंग सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- फर्जीवाड़े पर डीजीपी का बड़ा खुलासा! 17 करोड़ के सर्पदंश घोटाले में 21 गिरफ्तार, विशेषज्ञ एजेंसी करेगी जांच

80 कारों की एक साथ पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर के साथ चार मंजिला

पुराना बस स्टैंड में लगभग 10,500 वर्गफीट भूमि पर विकसित की जा रही यह मल्टीलेवल कार पार्किंग ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिला होगी। यहां एक साथ लगभग 80 कारों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर में बाइक पार्किंग की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। पार्किंग भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ आकर्षक एवं खूबसूरत स्वरूप प्रदान किया जा रहा है, जिससे यह शहर के प्रमुख क्षेत्रों में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था का उदाहरण बनेगा।

पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या से मिलेगी राहत

शहर के मध्य लंबे समय से एक सर्वसुविधायुक्त एवं व्यवस्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में यह सुविधा शुरू होने से इस आवश्यकता की पूर्ति होगी। विशेष रूप से बाजार एवं व्यावसायिक क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को अपने वाहन पार्क करने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इससे सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग में कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

लिफ्ट से स्वयं होगी कार की आटोमेटेड पार्किंग

आटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग की सबसे खास विशेषता इसकी स्वचालित पार्किंग व्यवस्था होगी। वाहन चालक को कार लेकर पार्किंग के निर्धारित ग्राउंड फ्लोर क्षेत्र में पहुंचना होगा, इसके बाद लिफ्ट एवं स्वचालित शटल सिस्टम के माध्यम से कार को निर्धारित स्थान पर पार्क किया जाएगा। इससे कम स्थान में अधिक वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क किया जा सकेगा और वाहन चालकों को पार्किंग की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी।

नंबर प्लेट की आटोमेटिक पहचान, मिलेगी पार्किंग पर्ची

पार्किंग में प्रवेश करने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को मशीन द्वारा आटोमेटिक तरीके से रीड किया जाएगा, जिसके आधार पर पार्किंग की पर्ची जारी होगी। इस तकनीक से वाहनों की एंट्री और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जाएगा।

फायर फाइटिंग सिस्टम से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पार्किंग भवन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम भी स्थापित किया जा रहा है। इससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा। कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतिम चरण में चल रहे सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए तथा पार्किंग शुरू करने से पहले आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा शुरू होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और पुराना बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्र में पार्किंग एवं ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!