छत्तीसगढ़

धान रोपाई के लिए जा रहे श्रमिकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत, छह घायल


बिलासपुर के हिर्री थाना अंतर्गत मुड़पार गांव में मंगलवार सुबह धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली कच्ची सड़क पर अनियंत्रित होकर खेत…और पढ़ें

Publish Date: Tue, 21 Jul 2026 12:28:11 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Jul 2026 12:28:11 PM (IST)

हिर्री : धान रोपाई के लिए जा रहे श्रमिकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत, छह घायल
मुड़पार गांव में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली

HighLights

  1. कच्ची सड़क पर बिगड़ा संतुलन और खेत में जा पलटी ट्रॉली, मची अफरा-तफरी
  2. ग्रामीणों ने मशक्कत कर निकाला बाहर, दो की थम चुकी थीं सांसें
  3. हिर्री क्षेत्र में खेत जा रहे मजदूरों पर टूटा काल; ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबने से दो की दर्दनाक मौत

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव में मंगलवार सुबह धान रोपाई के लिए जा रहे श्रमिकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

हिर्री क्षेत्र के मुड़पार गांव के श्रमिक गांव के ही एक किसान के खेत में धान की रोपाई करने ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। मंगलवार की सुबह कच्ची सड़क से गुजरते समय ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और खेत में पलट गया। ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार श्रमिक उसके नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के दौरान आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और अन्य श्रमिक तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो श्रमिक दम तोड़ चुके थे। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घायल श्रमिकों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!