धमतरी में खड़ी फोर्ड कार में अचानक आग, इंजन जलकर खाक


छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में बुधवार को मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास खड़ी एक फोर्ड कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कार का इंजन पूरी तरह जल गया। घटना के समय कार मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास खड़ी थी।
जानकारी के मुताबिक, अचानक कार के इंजन वाले हिस्से से आग की लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने कार के इंजन वाले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे वहां कुछ देर के लिए लोग परेशान हो गए।
मौके पर मौजूद मीडियाकर्मी हेमलाल साहू ने लोगों को इसकी सूचना दी। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड को खबर दी गई।
दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी कोशिश के बाद आग बुझाई। तब तक कार का इंजन और अगला हिस्सा काफी हद तक जल चुका था। हालांकि, समय रहते आग बुझा लेने से आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों तक आग फैलने से बच गई।
बताया जा रहा है कि यह कार संजय एजेंसी के सुनील मंजवानी की है। फिलहाल कार में आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। शॉर्ट सर्किट या किसी और तकनीकी वजह से आग लगने की संभावना है। असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी।
आग बुझाने वाली दमकल टीम में दिलीप निषाद, अरुण यादव, नोहर यादव और रोहित कुमार शामिल थे। उनकी तेजी से आग को समय रहते काबू कर लिया गया।




