छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों पर होगी पैसों की बौछार, राजीव पाण्डे पुरस्कार विजेता को मिलेंगे ₹3 लाख, डाइट मनी और प्रेरणा निधि का भी मिलेगा लाभ

छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किय…और पढ़ें

HighLights
- छत्तीसगढ़ खेल अलंकरण के लिए आवेदन शुरू
- उत्कृष्ट खिलाड़ियों और कोचों को मिलेगा सम्मान
- 5 अगस्त तक केवल ऑनलाइन स्वीकार होंगे फॉर्म
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए राज्य खेल अलंकरण के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। खेल निदेशक तनुजा सलाम द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पांच अगस्त तक आन लाइन आवेदन किया जा सकता है। पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
सभी 33 जिलों के खेल अधिकारियों को निर्देश जारी
प्रदेश के सभी 33 जिलों के खेल अधिकारियों और राज्य खेल संघों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्राप्त आवेदनों की छंटनी कर निर्धारित अंतिम तिथि के तीन दिनों के भीतर उन्हें संचालनालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। पुरस्कारों के लिए केवल खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।
पंकज विक्रम सम्मान के लिए खिलाड़ी सीधे आवेदन नहीं कर सकते। उनके आवेदन राज्य खेल संघों की अनुशंसा सहित ही स्वीकार किए जाएंगे। यदि किसी मान्यता प्राप्त संघ ने उच्च उपलब्धि वाले खिलाड़ी के नाम की अनुशंसा नहीं की है, तो ऐसा खिलाड़ी अपना व्यक्तिगत विवरण देकर पांच अगस्त तक सीधे संचालनालय या जिला खेल कार्यालय में अपना आवेदन जमा कर सकता है।
प्रमुख खेल पुरस्कार और मिलने वाली नकद राशि
शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार (सीनियर वर्ग) में राष्ट्रीय खेलों/चैंपियनशिप में पदक विजेता या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी को 3 लाख रुपये दिए जाएंगे। शहीद कौशल यादव पुरस्कार (जूनियर वर्ग) में जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक विजेता को 1.50 लाख रुपये, उत्कृष्ट प्रशिक्षक और निर्णायक को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार 1.50 लाख, 55 वर्ष या उससे अधिक उम्र के खेल दिग्गज, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की हो या उल्लेखनीय सेवा दी हो उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान 25 हजार, पांच वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला-पुरुष खिलाड़ी को शहीद पंकज विक्रम सम्मान 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इन्हें मिलेगी मुख्यमंत्री ट्राफी (दलीय खेल)
- चार खिलाड़ियों वाले दल के लिए: सीनियर वर्ग को दो लाख, जूनियर को एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
- चार से अधिक खिलाड़ियों वाले दल के लिए: सीनियर वर्ग को पांच लाख, जूनियर को तीन लाख दिए जाएंगे।
- अतिरिक्त लाभ: नकद राशि के अलावा सभी विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई प्रदान की जाएगी।
डाईट मनी, नकद प्रोत्साहन और प्रेरणा निधि
- खेलवृत्ति: अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के पदक विजेताओं और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी। इसके लिए अधिकतम आयु सीमा 19 वर्ष निर्धारित है।
- नकद प्रोत्साहन राशि: वर्ष 2025-26 (एक अप्रैल से 31 मार्च तक) में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी जाएगी।
- प्रेरणा निधि: खेल संघों को उनके द्वारा वर्ष 2025-26 में अर्जित उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि दी जाएगी, जिसके आवेदन जिला कार्यालय या संचालनालय में जमा होंगे।
यह भी पढ़ें- रायपुर में 30 साल पुराने घोटाले में EOW का बड़ा एक्शन, 15 हजार पन्नों का चालान पेश, ₹1.86 करोड़ अब बना 104 करोड़




