छत्तीसगढ़

छत्‍तीसगढ़ के कोरबा में तेज आंधी का कहर, पेड़ की डगाल गिरने से तीन किशोरों की मौत


नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। नवतपा के बीच शनिवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी व झमाझम वर्षा ने पूरे जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली खंभे धराशायी हो गए। विकास खंड पाली के पहाड़ गांव में वर्षा से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन आदिवासी किशोरों की ऊपर विशाल डगाल गिरने से मौत हो गई।

मौसम विभाग ने शाम को मोबाइल संदेश के माध्यम से तेज हवा और आंधी को लेकर पहले ही सतर्क किया था। इसके बावजूद अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका नहीं दिया।

बताया जा रहा है कि पहाड़ गांव के आश्रित ग्राम चोरकाडांड निवासी दो सगे भाई कमलेश 17 वर्ष ,शिवराम 15 वर्ष और दिनेश तिर्की 17 वर्ष शाम के समय वर्षा शुरू होने पर एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे।

इसी दौरान तेज हवा के कारण पेड़ की भारी डगाल टूटकर तीनों किशोरों के ऊपर गिर गई। घटना में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य किशोरों को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, तब एक ने रास्ते में दम तोड़ दिया, वहीं तीसरे किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

एक साथ तीन किशोरों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

नौतपा के बीच हुई यह बारिश जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दे रही थी, वहीं पहाड़ गांव के तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।

एसपी कार्यालय के निकट गिरा पेड़

  • इधर शहर में भी तेज हवा और वर्षा का व्यापक असर देखने को मिला।
  • एसपी कार्यालय के निकट एक सूखा पेड़ अचानक धराशायी हो गया।
  • जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान वर्षा के कारण सड़क पर आवाजाही काफी कम थी।
  • इससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरते ही कुछ देर के लिए मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
  • बाद में लोगों और प्रशासन की मदद से रास्ता साफ कराया गया।
  • मानसून के पहले तेज हवा और वर्षा ने सूखे पेड़ों की समस्या को फिर सामने ला दिया है।
  • कई स्थानों पर कीट बोरर से प्रभावित पेड़ राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं।
  • मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है।
  • ऐसे में प्रशासन के सामने सूखे पेड़ों और जर्जर होर्डिंग्स को हटाने की चुनौती बढ़ गई है।
  • शहर में कई स्थानों पर सूखे और कमजोर पेड़ खतरे की वजह बने हुए हैं।

कई स्थान पर गिरे ओले, प्रभावित रही विद्युत आपूर्ति

शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज हवा के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली की लगातार आंख मिचौली से व्यवसाय, कार्यालयीन कामकाज और घरेलू गतिविधियां प्रभावित हुईं। जमनीपाली समेत आसपास के इलाकों में वर्षा के साथ ओले भी गिरे। दोपहर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, लेकिन शाम की बारिश के बाद लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम में लगातार बदलाव के बीच किसान भी सक्रिय हो गए हैं। मानसून समय पर आने की संभावना को देखते हुए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ फसल की तैयारी शुरू हो गई है। खेतों की साफ-सफाई और जुताई का काम तेज हो गया है।

नवतपा में बदल रहा मौसम का मिजाज

नवतपा के छह दिन बीतने के साथ मौसम का स्वरूप लगातार बदल रहा है। दोपहर में तेज धूप और उमस के बाद शाम होते ही बादल, तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का असर बना रह सकता है। तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसान इसे मानसून के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

तेज अलर्ट साउंड से सहमे लोग

मोबाइल पर अचानक बजे तेज अलर्ट अलार्म ने शाम लोगों को चौंका दिया। कोई रील देख रहा था तो कोई अपने काम में व्यस्त था, तभी हजारों मोबाइल फोन में एक साथ तेज सायरन जैसी आवाज गूंज उठी। पहले लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन अलर्ट संदेश पढ़ते ही हड़कंप मच गया। मौसम विभाग ने कोरबा, रायगढ़, सरगुजा समेत कई जिलों में अगले तीन घंटे के भीतर तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। बाद में रात करीब नौ बजे जांजगीर-चांपा और सक्ती समेत अन्य जिलों के लिए भी अलर्ट जारी हुआ। अचानक अलार्म बजने से शहर से गांव तक दहशत का माहौल बन गया। लोग तेजी से घरों की ओर लौटते नजर आए। प्रशासन ने लोगों से पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने तथा सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!