Uncategorized

गांजा तस्करों पर छत्तीसगढ़ पुलिस का शिकंजा: दो दिन में 5.92 करोड़ का 884 किलो गांजा जब्त

छत्तीसगढ़ में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ पिछले दो दिनों में तीन बड़ी कार्रवाई की हैं। इन कार्रवाइयों के तहत कांकेर, केशकाल और जगदलपुर जिलों में कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 92 लाख रुपए है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं।

ताजा कार्रवाई 5 नवंबर को जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने एक सफेद पिकअप (CG 17 KL 0411) से 476 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रहे थे। इस दौरान एक लाल बाइक (OD 30 B 6256) पर सवार दो युवक पिकअप की पायलेटिंग कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने पिकअप के साथ पकड़ा।

5 नवंबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर एक सफेद पिकअप में गांजा लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पायलेटिंग कर रही बाइक और संदिग्ध पिकअप के पहुंचने पर, आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पिकअप की तलाशी में उसमें रखी 15 बोरियों से कुल 476.500 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, गांजे को बंडल बनाकर पैक किया गया था, ताकि चेकिंग के दौरान शक न हो। पूछताछ में आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

जगदलपुर मामले में पुलिस ने भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22), रोहणी गल्लोरी (27) और 3 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कोंटामाड़ी के निवासी हैं। पुलिस ने गांजे के अलावा पिकअप वाहन, बाइक, 6 मोबाइल फोन और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इससे एक दिन पहले, पुलिस ने कांकेर और केशकाल में भी गांजा तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की थी। कांकेर के गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने गांजे की 70 बोरियां बरामद की थीं, जिनकी कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में तस्कर गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

वहीं, केशकाल में पुलिस ने एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख रुपए बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 3 करोड़ 54 लाख रुपए का गांजा जब्त किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!