छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर, 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; बस्तर में स्कूल बंद, 2 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत कई जिलों में रातभर से बारिश हो रही है। रायपुर के सुंदर नगर महादेवघाट रोड, विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है।

जगदलपुर के गंगा मुंडा इलाके के साथ निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें पानी में डूब गई हैं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में लोगों के घरों में भी नालियों का पानी घुस गया है। सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं। पानी भरने से कई गांव टापू में बदल गए हैं।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से इंद्रावती नदी उफान पर है और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के चलते बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद हैं।

रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द कर दी गई है। भारी बारिश के कारण रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुआ है। इसके चलते आज (25 सितंबर) किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। बारिश के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है।

बस्तर जिल में लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आज (25 सितंबर) भी जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। 24 सितंबर को भी जिले के स्कूल बंद रहे। 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। अगले 24 घंटे में प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो जगह भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

बारिश के बीच इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जलमग्न होने की आशंका वाले रपटों और पुल-पुलियों पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर कोटवार और निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके धीरे-धीरे कमजोर होने के बावजूद इसका असर छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश के रूप में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

रायपुर में रातभर से बारिश जारी है। आज शहर का अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!