बलौदाबाजार में वाटर प्लांट का निरीक्षण:खाद्य विभाग ने 200 बोरी पानी पाउच जब्त किए, लेबल पर उत्पाद तिथि और बैच नंबर नहीं

![]()
बलौदाबाजार में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने एक वाटर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान पानी पाउच के लेबल पर उत्पाद तिथि और बैच नंबर अंकित नहीं पाए गए। अनियमितता पाए जाने पर टीम ने 200 बोरी पानी पाउच जब्त किए। गर्मी के मौसम में पानी पाउच और बोतलों की बढ़ती मांग को देखते हुए, अमानक उत्पादों की बिक्री की आशंका थी। इसी के मद्देनजर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन टीम को वाटर प्लांटों के निरीक्षण के निर्देश दिए थे। नमूना लेकर उसे जांच के लिए रायपुर भेजा अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकासखंड सिमगा के ग्राम केसदा स्थित सिद्धि विनायक बेवरेज वाटर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, विक्रय के लिए तैयार 250 मिलीलीटर के पानी पाउच के लेबल पर उत्पाद तिथि और बैच नंबर नहीं मिले। इस अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करते हुए, 200 बोरी पानी पाउच (प्रत्येक बोरी में 40 नग) विधिवत जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त, विधिक नमूना लेकर उसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है।
Source link




