बिलासपुर में कोयला हेराफेरी का आरोपी गिरफ्तार! SECL खदान से निकले माल में की थी धोखाधड़ी

बिलासपुर की हिर्री पुलिस ने एसईसीएल रामपुर खदान से ब्रज आयरन एंड स्टील प्लांट डिघोरा भेजे जा रहे उच्च गुणवत्ता के कोयले में हेराफेरी करने वाले 3 महीने…और पढ़ें

HighLights
- बिलासपुर में 3 महीने से फरार कोयला चोर ड्राइवर गिरफ्तार।
- SECL खदान के G-6 ग्रेड कोयले में की थी हेराफेरी।
- हिर्री पुलिस ने BNS की धाराओं में भेजा न्यायिक जेल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: हिर्री पुलिस ने कोयले की हेराफेरी के मामले में तीन महीने से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में थाना हिर्री थाने में बीएनएस की धारा 316(3), 317(2), 317(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
डीएसपी राजेश जोशी ने बताया कि आशीष केशरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह कोयला परिवहन एवं लिफ्टिंग का काम करता है। एसईसीएल रामपुर की कोयला खदान से दो ट्रेलरों में जी-6 श्रेणी का 5500 से 5800 जीसीवी वाला उच्च गुणवत्ता का कोयला लोड कराया गया था। दोनों वाहनों को ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड कंपनी, डिघोरा भेजा गया था।
पुलिस के मुताबिक, प्लांट पहुंचने के बाद कंपनी के केमिस्ट ने कोयले का लैब परीक्षण किया। जांच में दोनों ट्रेलरों से पहुंचा कोयला निर्धारित गुणवत्ता से कम पाया गया। परीक्षण में कोयले की गुणवत्ता खराब पाई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपित की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन के ड्राइवर बृजेश जायसवाल (25), निवासी देऊघर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश, हाल निवासी श्री सांई सा मिल, बिल्हा मोड़, हिर्री को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।



