Uncategorized

बिलासपुर के लॉ कॉलेज में फ्रेशर छात्र से मारपीट, प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाने का आरोप, एफआईआर दर्ज

बिलासपुर जिले के डीपी विप्र विधि महाविद्यालय में फ्रेशर स्टूडेंट के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र तुषार दुबे पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। छात्र के मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज कर लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि महेश साहू, अखिलेश समेत करीब दर्जनभर छात्रों ने तुषार को घेर लिया था। आरोप है कि इनमें कॉलेज के वर्तमान छात्रों के साथ ऐसे युवक भी शामिल थे, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। घटना के बाद जूनियर छात्रों में डर का माहौल है। छात्रों ने मामले की रैगिंग के एंगल से भी जांच कराने की मांग की है।

जांजगीर चांपा निवासी पीड़ित तुषार की शिकायत पर पुलिस ने महेश साहू और अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोप के मुताबिक, किसी टीचर से विवाद होने के बाद स्टूडेंट उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। सीनियर छात्रों ने तुषार पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया था। तुषार ने प्रदर्शन में बैठने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

छात्रों का कहना है कि सीनियर होने के नाम पर जूनियर छात्रों पर दबाव बनाना और बात नहीं मानने पर मारपीट करना गंभीर मामला है। पुराने छात्रों के भी कैंपस में सक्रिय होने का आरोप है। मारपीट में ऐसे युवकों के शामिल होने का भी आरोप है, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। छात्रों का आरोप है कि ये युवक अब भी कॉलेज परिसर में सक्रिय रहते हैं और छात्रों पर अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करते हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

जूनियर छात्रों का कहना है कि सीनियर छात्रों की जिम्मेदारी नए बच्चों का मार्गदर्शन करने की है, न कि उन पर किसी गतिविधि में शामिल होने का दबाव बनाने की। छात्रों ने कहा कि यदि नवप्रवेशी को उसकी इच्छा के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया और इनकार करने पर मारपीट की गई, तो इसकी रैगिंग के एंगल से भी जांच होनी चाहिए।

कॉलेज कमेटी ने कार्रवाई का फैसला लिया है। प्राचार्य सुषमा तिवारी ने बताया कि कुछ पुराने छात्र चलती क्लास में घुसकर इंट्रोडक्शन लेने लगे थे। शिक्षक के मना करने के बाद वे प्रदर्शन करने लगे और छात्रों को जबरन प्रदर्शन में बैठने के लिए कह रहे थे। एक छात्र के मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद तत्काल कॉलेज कमेटी की बैठक हुई। उन्होंने बताया कि जबरन विवाद करने वाले पुराने छात्रों पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। उनके कॉलेज में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। साथ ही मामले की जानकारी बार काउंसिल को भेजकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।

इस मामले में सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मामला लॉ कॉलेज कैंपस का है। पीड़ित छात्र की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कॉलेज प्रबंधन ने छात्र के आवेदन पर कार्रवाई करने के लिए कहा है।

इससे संबंधित एक अन्य घटना में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (जीजीयू) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान आयोजकों ने उन्हें शांत कराया। बताया गया कि स्टेज पर चढ़ते समय धक्का-मुक्की हुई और लड़कों ने एक दूसरे को कपड़े खींचकर पीटा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!