अंबिकापुर–पत्थलगांव NH-43 पर बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार कार बाउंड्रीवाल से टकराई; झपकी बनी दुर्घटना की वजह

सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुतुरमा के पास अंबिकापुर–पत्थलगांव नेशनल हाईवे-43 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से लगे बाउंड्रीवाल से जा टकराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सवार लोग एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे बनी बाउंड्रीवाल से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद की।
यह घटना एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान थकान और नींद की स्थिति में वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।



