छत्तीसगढ़

आठ वर्षों का इंतजार खत्म, आज शुरू होगा कचना रेलवे ओवरब्रिज, रोज 120 ट्रेनों के कारण लगता था लंबा जाम; ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट


आठ वर्षों में तैयार हुए इस पुल से खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 22 May 2026 11:41:52 AM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 11:50:05 AM (IST)

आठ वर्षों का इंतजार खत्म, आज शुरू होगा कचना रेलवे ओवरब्रिज, रोज 120 ट्रेनों के कारण लगता था लंबा जाम; ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट
मुख्यमंत्री विष्णूदेव साय करेंगे कचना ओवरब्रिज का लोकार्पण (AI Generated Image)

HighLights

  1. डेढ़ लाख लोगों को मिलेगी सीधी ट्रैफिक राहत
  2. अंतिम सुरक्षा जांच के बाद शुरू किया गया पुल
  3. नया रायपुर कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा ट्रैफिक फायदा

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के बहुप्रतीक्षित कचना ओवरब्रिज का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। करीब आठ वर्षों में तैयार हुए इस ओवरब्रिज को शुक्रवार को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णूदेव साय और लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अरुण साव इसके लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। पुल शुरू होने के बाद खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले लंबे जाम और घंटों के इंतजार से लोगों को राहत मिलेगी।

डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

यह ओवरब्रिज राजधानी के तेजी से विकसित हो रहे जोरा, बाराडेरा, वीआइपी स्टेट, अशोका रतन, भावना नगर और कचना हाउसिंग बोर्ड जैसे इलाकों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। इन क्षेत्रों में लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव के कारण रेलवे फाटक पर यातायात समस्या गंभीर हो गई थी। पुल शुरू होने से डेढ़ लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है।

हर 15 मिनट में बंद होता था फाटक

खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रासिंग राजधानी के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में गिनी जाती है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। इसके कारण औसतन हर 15 मिनट में रेलवे फाटक बंद करना पड़ता था। सुबह और शाम के दफ्तर समय में यहां लंबा जाम लगना आम बात बन गई थी। स्कूल बस, एंबुलेंस और दफ्तर जाने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते थे। ओवरब्रिज चालू होने के बाद अब वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सकेगी।

निरीक्षण के बाद रुका था लोकार्पण

करीब एक सप्ताह पहले पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव ने कचना ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। इस दौरान कुछ तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कार्य अधूरे पाए गए थे। इसके बाद मंत्री ने अंतिम गुणवत्ता परीक्षण पूरा होने तक लोकार्पण नहीं करने के निर्देश दिए थे। विभाग ने इसके बाद तेजी से शेष कार्य पूरे कराए और दोबारा सुरक्षा जांच कराई। अधिकारियों के अनुसार सभी तकनीकी परीक्षणों में पुल पूरी तरह सुरक्षित पाया गया, जिसके बाद इसे जनता के लिए शुरू करने का निर्णय लिया गया।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है पुल

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक ओवरब्रिज पर सर्विस लेन, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव साइन और आधुनिक लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे रात के समय भी लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

आउटर इलाका बना नया ट्रैफिक हब

जिस इलाके को कभी शहर का आउटर क्षेत्र माना जाता था, वही अब राजधानी का तेजी से विकसित होता आवासीय और व्यावसायिक केंद्र बन चुका है। पिछले कुछ वर्षों में यहां बड़ी संख्या में कालोनियां, अपार्टमेंट और व्यवसायिक प्रतिष्ठान विकसित हुए हैं। आबादी बढ़ने के साथ ट्रैफिक दबाव भी कई गुना बढ़ा, लेकिन रेलवे फाटक ही मुख्य संपर्क मार्ग बना रहा। अब ओवरब्रिज शुरू होने से रायपुर के दक्षिणी हिस्से की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और नया रायपुर जाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!