छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल पहली बार 1, 703 पदों के लिए कराएगा लिखित परीक्षा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार का एक बड़ा अवसर प्रदान किया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न विभागों में कुल 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह पहली बार है जब मंडल इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा, जिससे दिवाली से पहले युवाओं को सुनहरा अवसर मिला है।

इन 1,703 पदों में सहायक ग्रेड-3 के सर्वाधिक 1,206 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 पद, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 पद और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25 पद भी भरे जाएंगे।
अन्य पदों में शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 पद, पंजीयक लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद शामिल हैं। यह भर्ती विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण रिक्तियों को भरने में मदद करेगी और राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करेगी।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर सुधार के लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक का समय दिया गया है।
लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। यह परीक्षा राज्य के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को सुविधा होगी।
छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थी, जो परीक्षा में उपस्थित होंगे, उन्हें नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा जिससे शुल्क का भुगतान किया गया था। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।




