सारंगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक: कुछ ही घंटों में 13 लोगों को काटा, सभी जिला अस्पताल में भर्ती


सारंगढ़ शहर में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में डर का माहौल है। बताया जा रहा है कि कुछ ही घंटों के भीतर कुत्ते ने महिला, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं समेत 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया।
कुत्ते के हमले में घायल सभी 13 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के कुत्ते के काटने के बाद जिला अस्पताल में भी हलचल की स्थिति बन गई। अलग-अलग उम्र के लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
घटना के बाद शहरवासियों में कुत्ते को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ही कुत्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में राह चलते लोगों पर हमला कर रहा है। इसके चलते सड़क पर आने-जाने वाले लोगों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अकेले राहगीरों में डर बना हुआ है।
कुत्ते के हमले से जुड़े CCTV कैमरे के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें कुत्ते को राहगीरों के पीछे दौड़ते और उन पर हमला करते देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुत्ते के हमले की घटनाएं सारंगढ़ के गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा और बाजार चौक समेत कई इलाकों से सामने आ रही हैं। इन क्षेत्रों में लोग अब सड़क पर निकलते समय विशेष सावधानी बरत रहे हैं।
शहरवासियों का कहना है कि अगर कुत्ते को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वह और लोगों को अपना शिकार बना सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है।
घटना के बाद शहरवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर में राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


