राजनीति

राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की बैठक नवा रायपुर में संपन्न, ईवीएम प्रबंधन प्रणाली सॉफ्टवेयर बनाएगा बिहार

नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई। इस 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के निर्वाचन आयुक्तों की उपस्थिति में स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक सुगम, निष्पक्ष और आधुनिक तकनीक से लैस बनाने पर व्यापक मंथन हुआ, जिसमें विभिन्न राज्यों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राज्यों के बीच ईवीएम साझा करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एक विशेष ‘ईवीएम प्रबंधन प्रणाली सॉफ्टवेयर’ तैयार किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर को विकसित करने की पूरी जिम्मेदारी बिहार राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपी गई है।

इसके अलावा, गुजरात और महाराष्ट्र के प्रस्ताव पर आपसी सहमति से चुनावी डेटाबेस साझा करने तथा पश्चिम बंगाल के प्रस्ताव पर एम-3 मॉडल ईवीएम के संयुक्त उपयोग पर भी मुहर लगाई गई।

सम्मेलन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि देश में स्थानीय निकाय के चुनाव समय पर संपन्न हों और इनमें आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर किया जाए। राज्यों ने एक-दूसरे की श्रेष्ठ कार्यप्रणाली (बेस्ट प्रैक्टिसेज) को अपनाने का संकल्प लिया।

इसके तहत अन्य राज्यों की चुनाव प्रणालियों व नवाचारों को समझने के लिए चुनाव कार्यक्रमों की जानकारी साझा करने तथा परस्पर अध्ययन दौरे आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि अगला आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन पुणे में ‘कोआपरेटिव फेडरलिज्म’ विषय पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार ने नवा रायपुर के आधुनिक स्वरूप और विकास पर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी।

बैठक के बाद विभिन्न राज्यों से आए निर्वाचन आयुक्तों ने सपरिवार नवा रायपुर के सेक्टर-19 स्थित नवनिर्मित विधानसभा भवन का भ्रमण किया। उन्होंने सदन के भीतर की व्यवस्थाओं और विधायी कामकाज की प्रक्रिया को नजदीक से समझा।

इसके साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न सेक्टरों, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकसित हो रही विश्वस्तरीय सुविधाओं का जायजा लिया तथा नवा रायपुर के सुनियोजित विकास मॉडल की सराहना की।

दौरे के अंतिम चरण में सभी मेहमानों ने देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय’ का भी अवलोकन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!