Uncategorized

जगदलपुर में दीपोत्सव को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, डिप्टी सीएम विजय शर्मा के लौटने के बाद नारेबाजी और धक्का-मुक्की

जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने गुरुवार को होने वाले दीपोत्सव को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ लाख से ज्यादा दीये सजाए गए हैं। आयोजन की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने मंदिर के सामने दुकानें बंद कराने और श्रद्धालुओं के आवाजाही को लेकर विरोध जताया। विवाद के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उनके लौटने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी, धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल फेंकने तक की स्थिति बन गई। पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए डेढ़ लाख से ज्यादा दीये सजाए गए हैं। शाम को दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम होना है। आयोजन को लेकर पुलिस ने भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

मंदिर के सामने लगने वाली व्यापारिक दुकानों के बंद होने और फुटकर व्यापारियों को दुकान नहीं लगाने देने को लेकर कांग्रेस ने विरोध किया। कांग्रेस का आरोप है कि आयोजन के चलते आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार बंद कर दिए गए हैं।

कांग्रेस के आरोप पर भाजपा की ओर से कहा गया कि मंदिर के द्वार बंद नहीं किए गए हैं और श्रद्धालुओं के दर्शन पर रोक नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और डिप्टी सीएम के बीच करीब 5-6 मिनट तक तीखी बहस और नोकझोंक हुई। डिप्टी सीएम के वहां से लौटने के बाद भाजपा कार्यकर्ता भी मंदिर के पास पहुंच गए। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और एक-दूसरे की ओर जूते-चप्पल फेंके जाने की स्थिति भी बनी। करीब 40-45 मिनट तक मौके पर गहमागहमी का माहौल रहा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस के साथ बस्तर आईजी और सीएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। फिलहाल मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।

भाजपा मेयर संजय पांडेय ने कहा कि, दीये जलाने की बात को कांग्रेसी पचा नहीं पा रहे थे। इसलिए साजिश के तहत इकट्ठा होकर छिपे थे। डिप्टी सीएम विजय शर्मा जैसे ही सामने आए, तो उनके साथ बदतमीजी की गई। वास्तव में कांग्रेस के राजमाता, युवराज और जिलाध्यक्ष ने मोदी जी का सम्मान नहीं किया। ये हमेशा गलत नरेटिव सेट करने में लग गए। महिलाएं तक जूता फेंक रही है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि, छोटे व्यापारियों और भक्तों के सम्मान में कांग्रेस आगे आकर विरोध कर रही है। इनका दुकान दो दिन से बंद है। ये दीपोत्सव बनाएं, लेकिन शहर के मुख्य व्यवस्तम मार्ग पर दीप जला रहे हैं। यह न्याय संगत नहीं है। बीजेपी सत्ता के अहंकार में छोटे व्यापारियों के पेट में लात मार रही है। डिप्टी सीएम को यह पता होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!